न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पर्व को लेकर प्रशासन ने भी अपनी व्यवस्थाएं दुरुस्त कर ली हैं। शांति व्यवस्था कायम करने के लिए डीएम ने मजिस्ट्रेट भी नामित कर दिए हैं।
डीएम रमेश रंजन ने बताया कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर श्रद्धालु उपवास रखेंगे। मध्य रात्रि 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण के जन्म की रस्म निभाई जाएगी। डीएम ने पर्व पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष व्यवस्थाएं की हैं। ऐसे स्थल, जहां अधिक संख्या में लोग एकत्रित होते हैं, वहां भी विशेष सतर्कता बरती जाएगी।
नगर के किला गेट स्थित मंदिर श्रीदाऊजी महाराज, तालाब चौराहा स्थित मंदिर श्रीराम दरबार, बौहरे वाली देवी मंदिर, मोहल्ला मुरसान गेट (थाना कोतवाली), चिंताहरण मंदिर, कस्बा सिकंदराराऊ, सादाबाद, सासनी सहित विभिन्न कस्बों और ग्रामों में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर विशेष आयोजन होंगे। कस्बा पुरदिलनगर के मोहल्ला ब्राह्मणपुरी से शोभायात्रा झांकियों के साथ निकाली जाएगी। डीएम ने बताया कि त्योहार पर शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए मजिस्ट्रेट नामित कर दिए गए हैं। अपर जिलाधिकारी को नोडल अधिकारी नामित किया गया है। संवाद