हाथरस : सड़क दुर्घटना में मृत बच्ची का फाइल फोटो। संवाद
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
अलीगढ़ रोड रुहेरी तिराहे पर ट्रैक्टर के पहिये के नीचे के आकर एक बच्ची की मौत हो गई। वह अपनी मां के साथ सड़क पार कर रही थी। पुलिस ने शव को कब्जे में पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और ट्रैक्टर को अपने कब्जे में ले लिया है।
शहर के गणेशगंज निवासी राजेश कुमार की पत्नी राधा भैयादूज पर अपने मायके अलीगढ़ गई थी। उसके साथ उनकी आठ साल की बेटी योगांशी भी गई थी। मां-बेटी मंगलवार की दोपहर रोडवेज बस से हाथरस के लिए वापस आई। रोडवेज बस ने इन दोनों को अलीगढ़ रोड तिराहे पर उतार दिया। राधा अपनी बेटी के साथ शहर आने के लिए टेंपो पकड़ने के लिए सड़क पार कर रही थी तो इस दौरान पीछे से आ रहे मिट्टी से लदे एक ट्रैक्ट्रर संख्या यूपी 86 वाई-9568 के पहिये के नीचे योगांशी आ गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटनास्थल पर भीड़ लग गई। उसे जिला अस्पताल भी कुछ लोग लेकर आए। वहां उसे मृत घोषित कर दिया। चालक मौके से ट्रैक्टर को छोड़कर भाग गया। पुलिस भी वहां पहुंच गई। परिजनों का काफी देर तक चीख-पुकार करते रहे। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। दुर्घटना की रिपोर्ट मृतका के पिता ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ दर्ज कराई है। संवाद
तो नहीं जाती बच्ची की जान...
हाथरस। शहर के अंदर रोडवेज बसें आ रही होती तो शायद बच्ची की जान नहीं जाती। यह तथ्य उल्लेखनीय है कि तालाब रेलवे फाटक पर ओवरब्रिज बन गया है। इसका डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य लोकार्पण भी कर गए हैं, लेकिन काफी रोडवेज बसें अभी भी शहर के अंदर नहीं आ रहीं और सवारियों को बाहर ही छोड़कर जा रही हैं। यह बच्ची अपनी मां के साथ जब बस से उतरी और टेंपो से शहर में जाने के लिए सड़क पार कर रही थी तो उसकी मौत हो गई। लोगों का यही कहना था कि यदि रोडवेज बस शहर के अंदर आई होती तो बच्ची की जान नहीं जाती। संवाद