हाथरस : बागला इंटर कॉलेज में मेधावियों को सम्मानित करते सदर विधायक हरीशंकर माहौर व सिकंदराराऊ वि?
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
बागला इंटर कॉलेज में एक समारोह में यूपी व सीबीएसई बोर्ड सत्र 2020 के प्रदेश व जनपद स्तरीय 21 मेधावियों को सम्मानित किया गया। गौरव व काजल को एक-एक लाख रुपये व टैबलेट मिला। वहीं, अन्य मेधावियों को टैबलेट और 21 हजार नकद ईनाम मिले। पुरस्कार की राशि सीधे बच्चों के बैंक खातों में भेजी गई। सम्मान पाकर विद्यार्थी काफी खुश नजर आए।
सोमवार को बागला इंटर कॉलेज में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इसकी शुरुआत मां सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। जिसमें सदर विधायक हरी शंकर माहौर, सिकंदराराऊ विधायक वीरेंद्र सिंह राना मुख्य अतिथि थे। दोनों विधायकों व अधिकारियों ने विद्यार्थियों को टैबलेट एवं पुरस्कार की धनराशि देकर सम्मानित किया। प्रदेश स्तर पर जनपद हाथरस के सेंट फ्रांसिस इंटर कॉलेज के छात्र गौरव गौड़ पुत्र मनोज गौड़ ने सीबीएसई 10वीं में नोएडा रीजन में टॉप किया था।
वहीं, यूपी बोर्ड की प्रदेश की टॉप-10 सूची में जेके इंटर कॉलेज तामसी की छात्रा काजल ने सातवां स्थान प्राप्त किया था। दोनों को एक-एक लाख रुपए व टैबलेट देकर सम्मानित किया गया। अन्य 19 छात्र-छात्राओं को एक-एक टैबलेट के साथ 21 हजार रुपये की धनराशि दी गई। कार्यक्रम का संचालन बागला इंटर कॉलेज के शिक्षक मनोज कुमार शर्मा ने किया। यहां पर डीआईओएस रीतू गोयल, एसडीएम सदर, ओसी कलक्ट्रेट ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। यहां पर लखनऊ में स्मार्ट फोन लेने न पहुंच पाने वाले विद्यार्थियों को भी स्मार्ट फोन व टैबलेट वितरित किए गए। इस मौके पर प्रधानाचार्य सत्यभान गुप्ता, मुकेश कुमार, राजेश कुमार शुक्ला, राजीव कुमार, जयपाल सिंह आदि मौजूद रहे। संवाद