संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस। यूपी बोर्ड परीक्षा को लेकर माध्यमिक शिक्षा विभाग में तैयारियां तेज हो गईं हैं। रविवार को अवकाश के दिन भी कर्मचारी जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) के दफ्तर में परीक्षा की तैयारियों में जुटे नजर आए।
परीक्षा के लिए जोनल, सेक्टरों के अलावा प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर स्टेटिक मजिस्ट्रेटों की तैनाती भी की जा रही है। जिला परीक्षा समिति द्वारा नियुक्त पांच सचल दल परीक्षा के दौरान कड़ी नजर रखेंगे। प्रत्येक केंद्र पर एक-एक वाह्य केंद्र व्यवस्थापक भी नियुक्त किया गया है।
जिले में 24 मार्च से यूपी बोर्ड वर्ष 2022 की परीक्षा की शुरुआत होगी, लेकिन इससे पहले परीक्षा को नकल विहीन व शुचिता पूर्ण कराए जाने के लिए कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं। जिले में बनाए गए 93 परीक्षा केंद्रों पर हाईस्कूल के 25,206 और इंटरमीडिएट के 20,174 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर आंतरिक केंद्र व्यवस्थापक के साथ एक वाह्य केंद्र व्यवस्थापक भी नियुक्त किया गया है। प्रत्येक केंद्र पर एक-एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट के हिसाब से दोनों पालियों के लिए 186 स्टेटिक मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं।
इनके अलावा 16 जोनल और 60 सेक्टर मजिस्ट्रेट परीक्षा के दौरान केंदों पर दौड़ लगाएंगे। पांच सचल दल भी बनाए गए हैं। डीआईओएस ऋतु गोयल ने बताया कि 60 सेक्टर, 16 जोनल मजिस्ट्रेट और पांच सचल दल परीक्षा के दौरान केंद्रों पर नजर रखेंगे। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर वाह्य केंद्र व्यवस्थापक के अलावा एक-एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट को भी लगाया गया है।