न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
शहर के एक थाना क्षेत्र से लापता हुई किशोरी अपने इंस्टाग्राम फ्रेंड से मिलने गुजरात पहुंच गई, जबकि पुलिस ने उसके एक स्थानीय दोस्त के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज किया था। अब पुलिस ने किशोरी को बरामद कर लिया है। इसी तरह के अब तक के तीन मामले एक ही थाने में सामने आए हैं।
सोशल मीडिया एक दूसरे से संपर्क का सबसे अच्छा माध्यम माना गया है लेकिन इसी सोशल मीडिया के माध्यम से किशोर व युवा बहक रहे हैं। शहर के एक थाने में ऐसे तीन मामले सामने आए हैं, जिनमें युवती व किशोरी ने इंस्टाग्राम पर पहले तो दोस्त बनाया और फिर वही दोस्ती प्यार में बदल गई।
प्यार का जुनून इतना बढ़ा कि शहर के एक मोहल्ला निवासी किशोरी अपने इंस्टाग्राम फ्रेंड से मिलने गुजरात पहुंच गई। इधर, किशोरी के लापता होने से परिजन परेशान हो गए और उन्होंने एक नामजद पर किशोरी को लापता करने का आरोप लगाते हुए अपहरण का मुकदमा दर्ज करा दिया। लेकिन पुलिस की जांच में मामला दूसरा ही निकाला। पुलिस ने किशोरी को गुजरात से बरामद किया है। संवाद