थाना हसायन क्षेत्र के एक स्कूल में यूनीफॉर्म बदल रही छात्राओं के कमरे में जबरन घुस एक शिक्षक ने उनके साथ अश्लील हरकत की। घटना की जानकारी होने के बाद स्कूल पहुंचे बच्चियों के परिजनों शिक्षक की पिटाई कर दी।
सूचना मिलने पर विभागीय अधिकारी भी स्कूल पहुंच गए। आरोपी शिक्षक के साथ प्रभारी प्रधानाध्यापक को भी निलंबित कर दिया गया है। बताया गया कि आरोपी शिक्षक पहले भी इस तरह की हरकत कर चुका है।
बताया जा रहा है कि सोमवार को क्षेत्र में बेसिक शिक्षा परिषद द्वारा संचालित एक जूनियर हाईस्कूल में यूनीफॉर्म वितरण हो रहा था। इसी दौरान छात्राओं से उसे पहनकर देखने को कहा। जिस पर छात्राएं प्रधानाध्यापक के कक्ष को अंदर से बंद कर यूनीफार्म पहन रही थीं। इसी दौरान एक सहायक अध्यापक ने जबरन कमरा खुलवाया और अंदर दाखिल हो गया। यह देख छात्राएं कमरे में पड़ी कुर्सी-मेज के नीचे छिप गईं।
उस वक्त तो मामले को स्कूल में दबा दिया गया लेकिन छात्राओं ने पूरी बात घर पर जाकर अपनी अपने परिजनों को बताई। इस पर गुस्साए परिजन मंगलवार की सुबह स्कूल पहुंच गए। वहां पर मिले आरोपी शिक्षक की महिलाओं ने पिटाई कर दी। मामले की सूचना बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों को हुई तो क्षेत्र के एबीएसए पोप सिंह स्कूल पहुंचे और छात्राओं से बातचीत की तो वह भी शिक्षक की हरकतों को सुनकर हैरान रह गए। इसकी रिपोर्ट उन्होंने बीएसए को सौंपी।