कोतवाली क्षेत्र के एक इंटर कॉलेज की छात्रा के साथ हुए गैंगरेप के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों में से एक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस बाकी दो आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। तीनों आरोपियों में से एक पूर्व जिला पंचायत सदस्य भी रह चुका है।
पुलिस ने बताया कि कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी दसवीं कक्षा की छात्रा शनिवार को कॉलेज में प्रयोगात्मक परीक्षा देने गई थी। परीक्षा न होने पर वह घर वापस लौट रही थी। इसी दौरान सादाबाद-जलेसर मार्ग जलेसर रेलवे स्टेशन पर बने रेलवे ओवर ब्रिज के पास छात्रा को दो नकाबपोश लोेगों ने जबरन खींचकर ब्रिज के ढलान पर खड़ी एक बोलेरो गाड़ी में बैठा लिया। छात्रा का आरोप है कि गाड़ी में तीन युवक पहले से बैठे थे।
आरोप है कि गाड़ी में बैठे दो आरोपियों ने हथियारों के बल पर पहले गाड़ी में और उसके बाद जंगल में ले जाकर दुष्कर्म किया। घटनास्थल से छात्रा का कॉलेज मात्र एक किलोमीटर की दूरी पर था। आरोपियों ने छात्रा को लगभग चार घंटे अपने साथ रखा। बाद में तीन बजे वह उसे ब्रिज के दूसरे किनारे पर छोड़ गए और जाते समय घटना की किसी को जानकारी देने पर परिवार का खत्म करने की धमकी दी। छात्रा रोती बिलखती अपने घर पहुंची। यहां उसने घटना की जानकारी परिजनों को दी। शाम को अन्य परिजनों के आने के बाद वह कोतवाली जाने के लिए तैयार हुए।
आरोपी दबंग किस्म हैं, इसलिए वह रात के करीब दस बजे छात्रा को लेकर कोतवाली आए। कोतवाली प्रभारी अवधेश कुमार ने इस घटना की सूचना देर रात उच्चाधिकारियों को देते हुए आरोपियों के विरुद्ध कोतवाली में अभिषेक कुमार यादव उर्फ लकी भैया, रोहताश कुमार एवं उजागर सिंह के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कर लिया। इनमें से पुलिस ने रोहताश को रात में ही गिरफ्तार कर लिया।
वहीं, आरोपियों में से अभिषेक यादव उर्फ लकी भैया पूर्व में जिला पंचायत सदस्य रह चुका है। पुलिस ने रोहताश को जेल भेज दिया है।