शहर कोतवाली क्षेत्र में आनंद टॉकीज के पास संपत्ति के विवाद में कुछ लोगों ने तीन सगे भाइयों की स्कॉर्पियो गाड़ी रोक ली। इन लोगों को गाड़ी से उतारकर इनकी लाठियों से सड़क पर पटक-पटक कर पिटाई की। मौके पर एकत्रित हुई भीड़ ने लाठियों से पीट रहे लोगों से किसी तरह इन तीनों भाइयों को बचाया। कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
पुलिस ने एक महिला सहित दो लोगों को हिरासत में लिया है। घायल तीनों भाइयों का चिकित्सकीय परीक्षण बागला जिला अस्पताल में कराया है।
मारपीट में घायल थाना बल्देव (मथुरा) के गांव निवासी व्यक्ति ने बताया कि उनके बडे़ भाई का पुत्र राजस्थान पुलिस में एसआई है।
उसने अपने ससुरालियों के साझे में एक शीतगृह का निर्माण सहपऊ में कराया है। उसमें उसके परिवार के 75 प्रतिशत और बड़े भाई के बेटे की ससुराल के 25 प्रतिशत शेयर हैं, लेकिन पिछले कुछ दिनों से उनके भतीजे की पत्नी भी अपने मायके में रह रही है, जिससे भतीजे के ससुरालियों ने इस शीतगृह पर भी अपना कब्जा कर रखा है।
मंगलवार को वह ट्रेन द्वारा देहरादून से आया था। वह उत्तर-मध्य रेलवे के स्टेशन हाथरस जंक्शन पर ट्रेन से उतरा। इस दौरान उसके दोनों भाई उसे स्कॉर्पियो गाड़ी से लेने के लिए हाथरस जंक्शन आए। वह तीनों भाई इस स्कॉर्पियों से घर के लिए लौट रहे थे। इस दौरान सादाबाद निवासी कुछ लोग दूसरी स्कॉर्पियो गाड़ी से वहां आए। इन लोगों ने स्कॉर्पियो आनंद टाकीज के सामने सड़क पर रुकवा ली। इसके बाद स्कॉर्पियो से उतारकर इनकी जमकर लाठियों से पिटाई की।
देर रात डॉ. आलोक गौतम निवासी रदोई थाना बल्देव मथुरा ने भगवानदास गौतम, उनकी पुत्री और पांच अन्य लोगों के खिलाफ कोतवाली सदर में मुकदमा दर्ज करा दिया।
-शीतग्रह की संपत्ति का विवाद बताया जा रहा है। मारपीट करने वालों में से एक महिला सहित दो लोगों को हिरासत में लिया है। घायलों का उपचार कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। तहरीर प्राप्त होने पर कार्रवाई की जाएगी।
- मनोज शर्मा, कोतवाल हाथरस