पॉलिथिन विक्रेता से पूछताछ करते एसडीएम व सीओ।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो हाथरस
सादाबाद/हाथरस। होली से एक दिन पहले कस्बा सादाबाद में प्रशासन और खाद्य विभाग की टीम ने पुलिस फोर्स के साथ संयुक्त रूप से दो मिठाई विक्रेताओं के यहां छापेमारी की। कार्रवाई से पूरे कस्बे के मिठाई विक्रेताओं में हड़कंप मच गया। कार्रवाई के डर से कई दुकानदार अपनी दुकानों को बंद कर भाग गए।
होली पर मिलावटखोर सक्रिय हो जाते हैं। मावा और दूध आदि से बनी मिठाइयों में जमकर अखाद्य पदार्थों की मिलावट की जाती है। कई-कई दिन पहले ही यह मिठाइयां तैयार कर ली जाती हैं, जिसका सेवन करने से लोगों के स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ता है। लिहाजा, होली से ठीक एक दिन पहले एसडीएम वैभव मिश्रा, सीओ नरेंद्र देव ने पुलिस फोर्स के साथ खाद्य विभाग की अभिहित अधिकारी श्वेता सैनी और उनकी टीम को साथ लेकर कस्बे के जवाहर बाजार में दो मिठाई विक्रेताओं के यहां से पांच मिठाइयों और जले हुए तेल के नमूने लिए। एक मिठाई विक्रेता के यहां से छैने की मिठाई, खोए की बर्फी और जले हुए तेल के नमूूने लिए गए। वहीं दूसरी दुकान से मिल्क केक और घी का नमूना लिया। एक दुकान से छैने की मिठाई भी फिंकवाई गई। एसडीएम ने बेहत तल्ख अंदाज में मिठाई विक्रेताओं को चेतावनी दी कि मिलावटी मिठाइयों की बिक्री बिल्कुल सहन नहीं की जाएगी। अफसरों के सामने मिठाई विक्रेताओं का दर्द भी छलक उठा। इनका कहना था कि हर बार उन्हीं की दुकान पर छापेमारी क्याें की जाती है। कस्बे में अन्य काफी दुकानें हैं, उन पर छापमार कार्रवाई क्यों नहीं की जाती। प्रशासन को इस तरफ ध्यान देना चाहिए। इस दौरान खाद्य सुरक्षाधिकारी महीपाल सिंह, गजराज सिंह, महावीर द्विवेदी, मुनेश सिंह राना मौजूद थे।