चाकू से घायल युवक जिला अस्पताल में उपचार कराता हुआ।
- फोटो : Amar Ujala
शहर के मेंडू गेट इलाके की पुलिस चौकी के सामने दिनदहाड़े गुुरुवार दोपहर करीब एक बजे एक युवक को उसी के मोहल्ले के दबंग युवक ने चाकुओं से गोद दिया। हैरत की बात यह है कि पुलिस चौकी के सामने हुई इस वारदात में पीड़ित की चीखें सुनकर भी कोई पुलिसकर्मी चौकी से बाहर नहीं आया।
मेंडू गेट चौकी इंचार्ज को जब पीड़ित के परिजनों ने फोन मिलाया तो उनका फोन नहीं उठा। परिजनों के एसपी से शिकायत करने पर पुलिस हरकत में आई और आरोपी को हिरासत में लिया गया।
मेंडू गेट निवासी मनीष गुप्ता पुत्र सुरेश चंद्र गुप्ता मंडी समिति में सब्जी विक्रेता हैं। मनीष के परिजनों के मुताबिक मोहल्ले का एक दबंग युवक बीते कई महीने से पूरे परिवार को परेशान कर रहा है। वह बेवजह परिवार के लोगों को मोहल्ले में रोककर गाली-गलौज करता है। मनीष और उसके परिजन कई बार युवक के पिता से शिकायत कर चुके हैं। बीते दिनों युवक के जान से मारने की धमकी देने पर भी मनीष ने मेंडू गेट चौकी पुलिस को आरोपी की हरकतों की जानकारी दी थी।
पुलिस ने इस मामले में आरोपी के विरुद्ध कोई कार्रवाई नहीं की, जिससे उसके हौसले बुलंद हो गए। मनीष के परिजनों का कहना है कि आरोपी आपराधिक प्रवृति का है। वह पहले भी कई मामलों में नामजद रहा है। आरोपी बेवजह लोगों के साथ गाली-गलौज करने और मारपीट करने का आदी है। गुरुवार दोपहर को मनीष मंडी से लौटकर घर जा रहा था। तभी मेंडू गेट पुलिस चौकी के ठीक सामने आरोपी युवक ने उसे रोककर गाली-गलौज शुरू कर दी। मनीष ने युवक को पहले समझाया और फिर गाली-गलौज का विरोध करना शुरू कर दिया। मनीष के विरोध करने पर आरोपी बौखला गया। उसे लगा कि मनीष ने मोहल्ले में उसकी बेइज्जती कर दी।
इस पर उसने कमर में लगे चाकू को निकाल लिया और मनीष के पेट और पीठ में घोंपना शुरू कर दिया। मनीष की चीखें सुनकर मोहल्ले के लोग उसे बचाने के लिए दौड़े, लेकिन पुलिस चौकी से कोई बाहर नहीं आया। लोगों के पहुंचने तक आरोपी मनीष के पेट में दो बार, पीठ में दो बार तथा एक बार हाथ पर चाकू से प्रहार कर चुका था। लोगों ने आरोपी को पकड़कर उसके हाथ से चाकू छीना। लहूलुहान मनीष को परिजन जिला अस्पताल ले गए। जहां से उसे गंभीर हालत में रेफर कर दिया गया। परेशान परिजनों ने एसपी घुले सुशील को फोन कर दिया। एसपी के आदेश पर सदर कोतवाल जसपाल सिंह पंवार मौके पर पहुंचे और आरोपी को हिरासत में ले लिया गया। कोतवाल जसपाल सिंह पंवार का कहना है कि परिजनों की ओर से अभी कोई तहरीर नहीं दी गई है। लिखित शिकायत मिलते ही आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया जाएगा।