सासनी विजयगढ़ रोड स्थित किला तिराहे से पुलिस ने एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार कर गत छह माह पहले हुई युवक की हत्या का पर्दाफाश करने का दावा किया है। आरोपी युवक को पुलिस ने न्यायालय में पेश किया। जहां से उसे जेल भेजा गया है।
प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार द्विवेदी के अनुसार आरोपी युवक आनंद पुत्र नरेश उर्फ अंछी निवासी जामुनवाला मोहल्ला कस्बा सासनी के पिता अंछी की करीब 10 साल पहले हत्या हुई थी। उस समय आरोपी आनंद करीब 8 साल का रहा होगा।
आरोपी आनंद के पिता की हत्या के आरोप में कस्बा के मोहल्ला बारहसैनी निवासी सुशील पुत्र हरनाम सिंह. धर्मपाल और आरोपी की मां जेल में निरुद्ध रहे थे। पुलिस के अनुसार आरोपी पिता की हत्या का बदला लेने के लिए मौके की तलाश में था।
आरोपी को 13 सितंबर 2016 की शाम सुशील का छोटा भाई संतोष कस्बा के सीवर स्टेशन के पास अपने खेतों पर मिल गया। जहां उसका एक पक्का मकान बना है। मकान में पहले आरोपी ने संतोष को शराब पिलाई। नशा होने पर मकान के आंगन में ईंटों से सिर कुचल कर संतोष की हत्या कर दी थी।
14 सितंबर की सुबह बंद मकान में संतोष का शव मिला था। पुलिस ने पंचनामा कर शव का पोस्टमार्टम कराया था। छह माह से संतोष की हत्या अनसुलझी पहेली बनी हुई थी। पुलिस ने चप्पे-चप्पे की खाक छानी, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली थी।
शुक्रवार को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी आनंद को विजयगढ़ रोड स्थित किला तिराहे से गिरफ्तार कर लिया है। पकडे़ गए आरोपी युवक ने अपना जुर्म इकबाल किया है।