प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति अभद्र टिप्पणी करने का वीडियो सोशल मीडिया पर डालने वाले आरोपी युवक को कानपुर देहात की रूरा पुलिस ने धर दबोचा। शनिवार सुबह तक रिपोर्ट दर्ज न होने पर नाराज लोगों ने थाने का घेराव कर हंगामा किया। सीओ ने लोगों को समझाया और मुकदमा दर्ज कर युवक को जेल भेज दिया, दो अन्य की तलाश जारी है।
रूरा कसबा के मिश्रा मार्केट में रेडीमेड गारमेंट दुकानदार दिलशाद पुत्र राजाउद्दीन ने एक वर्ग विशेष की भावनाओं को ठेस पहुंचाते हुए अभद्र टिप्पणी की और मुख्यमंत्री के लिए भी अपशब्द कहे। इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होते ही कस्बे में तनाव फैलने लगा। पुलिस को सूचना दी गई। रूरा पुलिस ने शुक्रवार देर रात आरोपी युवक को घर से दबोच लिया। शनिवार सुबह भीड़ थाने पहुंच गई और कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा कर दिया। सीओ अकबरपुर आलोक कुमार जायसवाल मौके पर पहुंच गए। सीओ के निर्देश पर आरोपी के खिलाफ धारा 153 क, 504 व 505 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। थानाध्यक्ष बीएस पोनिया ने बताया कि तीन युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। दिलशाद को जेल भेजा गया है जबकि अन्य दो की तलाश की जा रही है।