हसायन क्षेत्र के गांव नगला बंजारा रामपुर में विद्युत महकमे की लापरवाही से एक मासूम बच्ची की एचटी लाइन से चिपककर मौत हो गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने महकमे के खिलाफ जमकर नारेबाजी और प्रदर्शन किया।
विद्युत महकमे की लापरवाही से अधिकांश गांव में खेतों में एचटी लाइन काफी नीचे तक झूल रही हैं। कहीं-कहीं तो हालात ऐसे हैं कि यह लाइनें जमीन को छूती हुई जा रही हैं, जिससे हर समय ग्रामीणों को अनहोनी होने का भय बना रहता है। नगला बंजारा रामपुर में भी खेत में एचटी लाइन काफी नीचे झूल रही है।
शुक्रवार को 12 वर्षीय टीना पुत्री सतेंद्रपाल सिंह बारिश के दौरान जब खेतों में बकरियों को चरा रही थीं तो इस दौरान उसकी छतरी ऊपर से जा रही एचटी लाइन से टच हो गई, जिससे छतरी में आए करंट की से उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जिससे परिजनों में करुण-क्रंदन मचा रहा।
ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। आरोप लगाया कि शिकायतों के बाद भी महकमा जर्जर तारों को बदलने का काम नहीं कर रहा है। इस संबंध में एसडीओ सिकंदराराऊ आरपी सिंह का कहना है कि बच्ची की मौत का मामला संज्ञान में नहीं है।
यदि शिकायत मिलती है तो जांच कराई जाएगी। उसके बाद ही आर्थिक सहायता दी जाएगी।