कोतवाली हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव दरियापुर निवासी महिला की बुधवार को संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उसका शव खेत में पड़ा मिला। हत्या की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। महिला के शरीर पर कोई चोट का निशान नहीं है और शव भी नीला पड़ा हुआ है। आशंका है कि किसी विषैली जीव के काटने या विशाक्त के सेवन से उसकी मौत हुई है।
कोतवाल जगदीश चंद्र ने बताया कि गांव दरियापुर के मोहल्ला अहेरियान निवासी मीना देवी (35 वर्ष) पत्नी छोटे बुधवार की सुबह घर से यह कहकर निकली थी कि वह खेतों से घास लेने जा रही है, लेकिन वह देर शाम तक घर नहीं लौटी। परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन भी की, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला।
रात में महिला का शव गांव मोहारी और शंकरपुर के बीच खेत में पड़ा देखा गया। खेतों पर काम कर रहे लोगों की नजर इस शव पर पड़ी तो उन्होंने इसकी सूचना ग्राम प्रधान को दी। ग्राम प्रधान ने पुलिस को खबर दी। बकौल कोतवाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपेार्ट के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट होगा।