कोतवाली क्षेत्र के गांव हैथा रघुनाथपुर में बुधवार की देर रात्रि को एक घर में दबिश देने पहुंची कोतवाली पुलिस की टीम ने चाट विक्रेता के घर काफी हंगामा किया। आरोप है कि पुलिस टीम को तलाश तो किसी और की थी, लेकिन उसी नाम के चाट विक्रेता के घर पहुंच गई। आरोप है कि पुलिस टीम ने बेकसूर चाट विक्रेता के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। बेकसूर चाट विक्रेता पुलिस को यह बताता रहा कि उसका किसी भी मामले से कोई लेना-देना नहीं है, लेकिन पुलिस वाले उसकी एक सुनने को राजी नहीं हुए।
मारे दहशत के पीड़ित चाट विक्रेता कहीं भी शिकायत करने भी नहीं पहुंचा। इस घटना के बाद गांव में पुलिस की कार्यवाही कां लेकर काफी नाराजगी है। वहीं, एसओ प्रवीण कुमार सिंह का कहना है कि उनके यहां से कोई पुलिस कर्मी दबिश देने के लिए ही किसी गांव में नहीं गया है। ग्रामीणों के अनुसार महेश सविता पुत्र कालीचरन सविता काफी गरीब व्यक्ति है। वह आसपास के गांवों में गली-मोहल्लों में फेरी लगाकर चाट बेचकर गुजारा करता है।
आरोप है कि बुधवार की रात को कोतवाली पुलिस की टीम किसी महेश नाम के व्यक्ति की तलाश में चाट विक्रेता के घर पहुंच गई। बताते हैं कि चाट विक्रेता महेश सविता उस वक्त अपने परविार के सदस्यों के साथ अपने मकान की छत पर सो रहे थे, जब कि उनके पिता कालीचरन सबिता अपने घेर पर सो रहे थे। ग्रामीणों की मानें तो पुलिस टीम ने बिना किसी से पूछताछ किए ही महेश सविता के घर पर पहुंचकर दरवाजा पीटना शुरू कर दिया। जब महेश ने घर का दरवाजा नहीं खोला तो पुलिस कर्मियों ने घर के बाहर बने शौचालय के रास्ते छत पर चढ़कर चाट विक्रेता को जगाया गया और गाली-गलौज करते हुए मारपीट की गई।
शोर-शराबा सुनकर गांव के काफी लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस की इस हरकत का विरोध किया तो आरोप है कि पुलिस कर्मियों ने उनके साथ भी गाली-गलौज शुरू कर दी। काफी देर तक हंगामा मचा रहा। चाट विक्रेता महेश सविता का कहना है कि उनका किसी भी मामले में कोई संबंध नही है। एसओ प्रवीण कुमार सिंह का कहना है कि उनके यहां पर न कोई मुकदमा पंजीकृत और न कोई आरोपी वांछित है। कोतवाली से भी कोई पुलिस टीम दबिश देने नहीं गई।