बाइक सवार बदमाशों ने एक शख्स से मारपीट कर कीमती मोबाइल और हजारों की नकदी लूट ली। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच की और फिर मामला मोबाइल चोरी में दर्ज कर लिया।
हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव अफोया के रहने वाले रामदेव शर्मा बुधवार को किसी कार्य से हाथरस आए थे और वापस गांव जा रहे थे। वह देर शाम गौशाला रोड से होते हुए गांव के लिए लौट रहे थे तभी बाइक पर सवार दो बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और कीमती सैमसंग जे-2 मोबाइल फोन छीनने लगे। रामदेव ने इसका विरोध किया तो आरोपियाें ने मारपीट शुरू कर दी।
मोबाइल लूटने के बाद रामदेव शर्मा की जेब में रखी हजारों की नकदी भी आरोपियों ने लूट ली। लूट के बाद रामदेव सदर कोतवाली पहुंचे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पड़ताल की। बाद में रामदेव शर्मा की शिकायत पर मोबाइल चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया गया। सदर कोतवाल सूर्यकांत द्विवेदी का कहना है कि मोबाइल चोरी होने की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज की है।