शहर में गांजा बेचने वाले आरोपी पुलिस हिरासत में।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो हाथरस
सादाबाद/हाथरस। सादाबाद में जयमाल रोड पर पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक कार से 29 किलो गांजा बरामद किया। एक अभियुक्त को पुलिस ने दबोच लिया, जबकि उसके तीन साथी भाग जाने में कामयाब रहे हैं। आरोपी इस कार के इंजन को खराब बताकर इसे केंटर में लादकर ले जा रहे थे। इस कार की डिग्गी में गांजा भरा हुआ था। वहीं केंटर के साथ चल रही आरोपियों की दूसरी कार से भी पुलिस को गांजा मिला है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय पर प्रेसवार्ता में एसपी डॉ. अजयपाल शर्मा ने बताया कि पुलिस जयमाल रोड पर बैरियर लगाकर चेकिंग कर रही थी। तभी एक सफेद रंग की फोर्स गाड़ी और एक केंटर आगरा की ओर से आते दिखाई दिए। पुलिस को देख इन्होंने लौटने की कोशिश की। इस पर पुलिस को शक हुआ। फोर्स कार की तलाशी में पुलिस को 2.20 किलोग्राम के दस पैकेट अखबार में लपेटे हुए मिले। वहीं केंटर में लोड स्विफ्ट डिजायर कार की डिग्गी को जब चेक किया गया तो वहां भी भारी मात्रा में गांजा रखा हुआ था। पुलिस ने तलाशी में कुल 28.80 किलोग्राम गांजा बरामद किया है।
मौके से रवि पुत्र कन्हैया निवासी खलीफा कॉलोनी, बजरिया, ग्वालियर, मध्यप्रदेश को गिरफ्तार किया गया है। चंद्रमोहन पुत्र रामगोपाल निवासी सेनपुर खंदौली, देवा पंडित पुत्र कुंदनलाल निवासी नगला मानसहाय, सादाबाद और पुष्पेंद्र चौधरी उर्फ मुल्ला चौधरी पुत्र नहना चौधरी निवासी नगला मानसहाय, सादाबाद भाग जाने में कामयाब रहे। आरोपियों के पास से पुलिस ने गांजे के अलावा एक केंटर जिस पर मध्य प्रदेश का नंबर है, यूपी के आगरा के नंबर वाली एक स्विफ्ट डिजायर कार और एक बिना नंबर की टाटा फोर्स कार भी बरामद की है। एसपी ने बताया कि आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस की धारा 8/20 के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है।