हसायन। क्षेत्र के गांव नगला रति के एक युवक की मुंबई (महाराष्ट्र) में दो दिन पूर्व हत्या कर दी गई। युवक की हत्या नशीली चाय पिलाकर लूटपाट करने के बाद चाकुओं से गोदकर की गई। साथ गए गांव के अन्य लोगों ने उसकी छानबीन की तो युवक का शव लावारिस हालत में मुंबई के शिगड़ी आमपाड़ा कोतवाली क्षेत्र में पोस्टमार्टम हाउस पर मिला। युवक की मौत की खबर से गांव में कोहराम मच गया। सूचना पर युवक के परिजन शव को मुंबई लेने रवाना हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार सुखराम सिंह बघेल पुत्र लक्ष्मण सिंह बघेल (45 वर्ष) निवासी नगला रति मुंबई (महाराष्ट्र) में आइसक्रीम की दुकान लगाता था। बताते हैं कि सुखराम सिंह गांव से 25 वर्ष पूर्व मुंबई गया था। मुंबई में ही सुखराम सिंह ने आइसक्रीम की दुकान भी लगा रखी थी। दुकान से तीन दिन पूर्व सुखराम को ही कुछ मुंबई निवासी दोस्त बुलाकर ले गए थे। बताते हैं कि सुखराम सिंह बघेल की दुकान के सामने एक हॉस्पिटल में लगे सीसीटीवी कैमरों में कुछ लोग उसे बुलाकर ले जाते हुए दिखाई दिए।
सुखराम के परिजनों ने बताया कि सुखराम की हत्या उन्हीं लोगों ने रंजिशन की है। सुखराम के मौसेरे भाई ने मुंबई में तीन लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट भी दर्ज करा दी है। परिजनों ने बताया कि तीन दिन पूर्व सुखराम की मौसी के पुत्र और ग्रामीणों ने ही उसके पिछले तीन दिनों से लापता होने की सूचना उन्हें दी थी। सुखराम की उन्होंने काफी तलाश की तो उसका शव शव लावारिस हालत में मुंबई के सिंगड़ी आमपाड़ा कोतवाली के पोस्टमार्टम गृह पर मिला। मुंबई पुलिस ने शिनाख्त के बाद पोस्टमार्टम कराकर सुखराम के शव को मौसी के पुत्र और ग्रामीणों के सुपुर्द किया।