सरेशाम बदमाशों ने बैंक से रुपये निकालने के बाद साइकिल पर जा रहे पूर्व प्रधान को तमंचा के बल पर रोका और दस हजार रुपये लूट लिए। विरोध करने पर बदमाशों ने चाकू से प्रहार कर उन्हें घायल कर दिया। सूचना पर पहुुंची पुलिस ने बदमाशों की घंटों तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका। घटना बृहस्पतिवार शाम करीब पांच बजे भगवंतापुर-कान्हाटांडा मार्ग पर हुई। भवानीगंज निवासी पूर्व प्रधान अर्जुन सिंह ने बताया कि उन्होंने बृहस्पतिवार को पूरनपुर स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा से दस हजार रुपये निकाले। उन्हें यह रकम कंबाइन वाले को देना थी। वह रुपये निकालने के बाद साइकिल पर अपने घर जा रहे थे। रास्ते में गांव भगवंतापुर से कुछ दूरी पर सड़क किनारे खड़े बदमाशों ने पूर्व प्रधान अर्जुन को धक्का देकर साइकिल समेत गिरा दिया। वह कुछ समझ पाते इससे पहले बदमाशों ने तमंचा तानकर जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने रुपये न होने का बहाना किया। विरोध करने पर बौखलाए बदमाशों ने चाकू से अर्जुन पर हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गए। बदमाशों ने कोट के बटन तोड़कर जेब में रखी रकम लूट ली। इसके बाद बदमाश अपनी बाइक पर सवार होकर पूरनपुर की ओर भाग गए। अर्जुन के शोर मचाने पर कई लोग इकट्ठे हो गए। यूपी 100 डायल कर घटना की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों की तलाश की, लेकिन को सुराग नहीं मिला।