न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
सहपऊ। क्षेत्र के गांव नगला मनी एवं नगला सेवा के युवक खेतों में नुकसान कर रहे गोवंश को खेतों से भगाने पर दो पक्ष आपस में भिड़ गए। दोनों ओर से जमकर मारपीट हुई, जिसमें एक युवक को काफी चोट आईं। मौके पर पुलिस के पहुंचने से पहले ही मारपीट करने वाले युवक वहां से भाग गए। घायल युवक ने कोतवाली में मारपीट की नामजद तहरीर दे दी है।
क्षेत्र के गांव नगला सेवा एवं नगला मनी एक ही ग्राम पंचायत धाधऊ के मौजा होने के साथ दोनों गांवों में आपस में दूरी कम है। दोनों गांवों के खेत आपस में मिले हुए हैं। नगला मनी निवासी दिवाकर शर्मा पुत्र डोरीलाल रोजाना की तरह गुरुवार की शाम को आवारा पशुओं से खेतों की रखवाली कर रहे थे। अंधेरा होने पर कुछ गोवंश उनके खेतों की ओर आने लगे, जिन्हें उसने भगा दिया। उधर, नगला सेवा निवासी राकेश पुत्र ओंकार सिंह ने जब गोवंश को अपने खेतों की ओर आते देख उन्होंने भी गोवंश को अपने खेतों से भगा दिया।
गोवंश को इधर-उधर भगाने की बात को लेकर दिवाकर और राकेश के बीच नोकझोंक होने लगी। थोड़ी देर में दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। मारपीट में एक पक्ष से दिवाकर का भाई प्रभाकर और दूसरी ओर से सांगा पुत्र सुरेशचंद्र एवं ओम वीर पुत्र सुग्रीव सिंह भी पहुंच गए। एक पक्ष में चार युवक होने पर उन लोगों ने दिवाकर एवं प्रभाकर को बुरी तरह से पीटा। मारपीट में दिवाकर बुरी तरह से घायल हो गया।
मौके पर पुलिस के पहुंचने पहले चारों युवक वहां से भाग गए थे। घायल दिवाकर ने इन चारों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दे दी। पुलिस ने घायल का उपचार सीएचसी में कराया। समाचार लिखे जाने तक दोनों पक्षों में समझौते के लिए बात चल रही थी।