क्राइम डेस्क, अमर उजाला, सहपऊ (हाथरस)।
कस्बे के मुख्य बाजार में लेनदेन को लेकर दो व्यापारियों में मारपीट हो गई। मारपीट में चार युवक घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। जहां इलाज के बाद उनकी छुट्टी कर दी गई। बाद में दोनों पक्षों में समझौता हो गया।
कस्बे के मुख्य बाजार में हरीशंकर किराना स्टोर एवं दामोदर बूरा भंडार के नाम से दो प्रसिद्ध दुकानें हैं। दोनों व्यापारियों के प्रपौत्र रविकांत उर्फ सोनू पुत्र देवेंद्र वार्ष्णेय, देवेश उर्फ काली पुत्र वीरेंद्र वार्ष्णेय ने अन्य व्यापारियों के युवकों के साथ एक कमेटी चलाई थी, जिसका इंचार्ज सोनू बना। कुछ महीने बाद कुछ युवकों ने कमेटी से पैसे उठाने के बाद नियमित किश्त देना बंद कर दिया, जिससे कमेटी घाटे में आ गई।
इस घाटे को लेकर सोनू एवं काली में पैसे के लेनदेन को लेकर कई बार कहासुनी हो गई। काली सोनू से अपने पैसे का तगादा किया करता था। इसी बात को लेकर सोमवार की शाम को सोनू उसका भाई शुभम उर्फ गोलू काली की दुकान पर पहुंच गए। दोनों ओर से कहासुनी हुई और फिर मारपीट शुरू हो गई। मारपीट में एक ओर से काली एवं उसके चाचा राजकुमार एवं दूसरी ओर से सोनू एवं गोलू घायल हो गए।
पुलिस इन चारों को घायल अवस्था में सीएचसी ले गई। जहां इलाज के बाद चारों को छुट्टी दे दी गई। दूसरे दिन मंगलवार को कुछ गणमान्य लोगों ने दोनों पक्षों में समझौता करा दिया। कोतवाल जगदीशचंद्र के अनुसार कस्बे में हुए झगड़े में किसी पक्ष द्वारा पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई है।