न्यूज डेस्क अमर उजाला हाथरस
हाथरस। कोतवाली हाथरस जंक्शन के सिकंदराराऊ रोड लोटस ग्रीन कॉलोनी के पास टेंपो पलट गया। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई और करीब छह लोग घायल हो गए। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हाउस पहुंचाया।
हाथरस जंक्शन क्षेत्र के नगला खरग निवासी राजपाल सिंह (44 वर्ष) पुत्र शिवलाल शुक्रवार की दोपहर को अलीगढ़ से अपने गांव लौट रहे थे। हाथरस से वह टेंपो में सवार हुए। सिकंदराराऊ रोड स्थित नहर के पास टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे उसमें सवार सवारी एक दूसरे के ऊपर आईं। इस कारण राजपाल सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस पहुंची उस वक्त राजपाल का शव ही मौके पर मिला। टेंपो में सवार अन्य कोई यहां नहीं मिला। इसके अलावा कोई भी घायल जिला अस्पताल नहीं पहुंचा। घायल शहर के किसी निजी अस्पताल में चले गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। यहां पर मृतक के परिवार व गांव के लोग भी आ गए।