न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
दहेज उत्पीड़न के मामले में वारंटी डॉक्टर को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। डॉक्टर को गिरफ्तार कर क्राइम ब्रांच की टीम ने कोतवाली पुलिस को सौंपा। पुलिस ने आरोपी को डॉक्टरी मुआयने के बाद जेल भेज दिया।
बरेली के रामपुर गार्डन निवासी डॉ.पीयूष मोहन अग्रवाल पुत्र उमेश चंद्र बदायूं के सरकारी अस्पताल में तैनात हैं। इनकी शादी करीब तीन वर्ष पहले हाथरस निवासी युवती से हुई थी। शादी के करीब एक साल बाद से ही डॉक्टर व उसकी पत्नी के बीच विवाद हो गया। डॉक्टर पर दहेज उत्पीड़न सहित अन्य आरोप लगाते हुए युवती ने कोतवाली में वर्ष 2018 में रिपोर्ट दर्ज कराई।
इस मामले में डॉक्टर कोर्ट में पेश नहीं हुआ। जिसके चलते उसके वारंट जारी हो गए। आरोपी डॉक्टर को आगरा से क्राइम ब्रांच की टीम गिरफ्तार करके हाथरस लाई और कोतवाली पुलिस को सौंप दिया। जिसके बाद कोतवाली पुलिस ने आरोपी डॉक्टर का डॉक्टरी परीक्षण कराया और फिर उसे जेल भेज दिया।