न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस।
हसायन के गांव नारई में तैनात शिक्षिका पर गंभीर अनियमितताओं के आरोप लगाते हुए बीएसए ने निलंबन की कार्रवाई की है। शिक्षिका करीब सात महीने पहले अवैतनिक अवकाश लेकर गई है। पुष्पा यादव प्राथमिक विद्यालय नारई विकास खंड हसायन में सहायक अध्यापिका के पद पर तैनात हैं।
शिक्षिका पर आरोप है कि वह काफी लंबे समय से गैरहाजिर चल रही हैं। बीएसए हरीशचंद्र ने निलंबन आदेश जारी करते हुए कहा है कि शिक्षिका द्वारा अपने कार्यकाल के दौरान गंभीर अनियमितताएं की गई हैं। कर्तव्यों एवं दायित्वों के निर्वहन में उदासीनता बरती गई है। इसी वजह से निलंबन की कार्रवाई की गई है।
इस अवधि में शिक्षिका को बीआरसी सिकंदराराऊ से संबद्ध किया गया है। विभागीय सूत्रों की मानें तो शिक्षिका की किसी दूसरी जगह नौकरी लग गई है। इस कारण वह अवैतनिक अवकाश लेकर गई है। इससे संबंधित स्वीकृति पत्र आदि से जुड़े कागजात विभाग में जमा भी हैं, फिर भी शिक्षिका के खिलाफ बिना जांच किए ही निलंबन की कार्रवाई कर दी गई है।
शिक्षिका की कहीं दूसरी जगह नौकरी लग गई है, इसलिए वह अवैतनिक अवकाश लेकर गई है। इस संबंध में विभाग की अनुमति भी शिक्षिका के पास है। इससे जुड़े प्रपत्र विभाग में जमा हैं, फिर भी निलंबन की कार्रवाई की गई, यह बात समझ में नहीं आ रही है।
-अखिलेश कुमार यादव, एबीएसए हसायन।