थाइलैंड में आयोजित चौथे एशियन योग चैंपियनशिप में शनिवार को वाराणसी के बड़ी पियरी की हर्षिता ने मयूरासन कर पहला अंतरराष्ट्रीय पदक हासिल किया। साथ ही काशी की योग क्वींन भी बन गईं। जबकि पहला स्थान थाईलैंड की हसीना का रहा।
योग प्रशिक्षक प्रमोद जायसवाल ने बताया कि भारत के 16 योग प्रशिक्षुओं में हर्षिता ने प्रतियोगिता के दूसरे दिन मयूरासन के छह आसन कर रजत पदक जीता। जो भारत के खाते में पहला पदक है। वहीं फोन से बात चीत में हर्षिता के भाई शुभांग जायसवाल ने बताया कि यह पहला मौका है जब हर्षिता ने देश के लिए पदक जीता है।
साथ ही पूरे उत्तर प्रदेश के लिए यह एक मात्र पदक है। इससे पहले चीन के बीजिंग में हुए तीसरे एशियन चैंपियनशिप में 22वां स्थान था। तीन दिवसीय प्रतियोगिता का आयोजन एक से तीन नवंबर तक किया जा रहा है। जिसमें वाराणसी की नेहा और सागर ने भी भाग लिया।