हरदोई। गांवों के विकास और खरीदारी के लिए पंचायतीराज विभाग की ओर से जारी बजट को खर्च करने में भी 21 ग्राम पंचायतों के पंचायत सचिवों ने लापरवाही की है। खर्च और भुगतान में लापरवाही से ग्रामीणाें को सुविधा और सहूलियत नहीं मिल पा रही है। ई-ग्राम स्वराज पोर्टल पर जिले की प्रगति भी प्रभावित हो रही है।
पंचायतीराज विभाग की ओर से गांवों के विकास और खरीदारी के लिए लगातार बजट जारी किया जा रहा है। बताया गया कि विकास खंड टोडरपुर की टोडरपुर, औड़री, जपरा, सुरसा की अस्योली, शाहाबाद की सराय कमालुद्दीनपुर, सगरापुर, सांडी की भानापुर जनियामऊ, कोथावां की भदसेन, कछौना की पतसेनी देहात, हरपालपुर की बमरौली, ललुआमऊ, हरियावां की कठेठिया, कायमपुर, सिरसा, थमरवा, बिलग्राम की बिरनी, बेहंदर की जाहिरपुर, सकतपुर और अहिरोरी की कमोलिया व केशवन में खर्च शून्य प्रदर्शित हो रहा है।
जिला पंचायत राज अधिकारी विनय कुमार सिंह ने बताया कि इस लापरवाही पर पंचायत सचिव लाल बिहारी, नीरज मिश्रा, अवनेश कुमार कश्यप, सर्वेश कुमार सिंह, राना रणंजय सिंह, संतोष, तेजराम, उदय प्रताप सिंह, धीरज पांडेय, संतोष कुमार, श्रीश मिश्रा, आशीष त्रिवेदी, रविंद्र कुमार, सुमित तिवारी, रविकांत वर्मा, मानसी यादव व रामबाबू को चेतावनी जारी की गई है।