फोटो-30-गांव में घटना के बाद दंपती के मकान के बाहर लगी ग्रामीणों की भीड़।संवाद
- फोटो : HARDOI
भरावन (हरदोई)। अतरौली थाना क्षेत्र के ग्राम सुजेहटा में बुजुर्ग दंपती की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। घर में दोनों के शव अलग-अलग चारपाई पर पड़े मिले। प्राथमिक जांच के बाद पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। रिपोर्ट में मौत की वजह स्पष्ट न होने पर विसरा सुरक्षित कर लिया गया। पुलिस ने जहरीला खाना खाने से मौत की आशंका जताई है।
सुजेहटा निवासी गुरदयाल (70) खेती करते थे। पत्नी रामबेटी उर्फ लालती (60) के साथ गांव में ही रहते थे। दंपती के एक बेटी थी। लगभग सात साल पहले उसकी प्रसव के दौरान मौत हो गई थी। ग्रामीणों ने बताया कि मंगलवार देर रात किसान के दरवाजे पर बंधी
बकरियां, गाय लगातार आवाज कर रहे थे। अनहोनी की आशंका भांपकर पड़ोस में रह रहे किसान के भाई भजन और भतीजा कमलेश अन्य ग्रामीणों के साथ घर के पिछले हिस्से से अंदर गए। अंदर जाकर देखा तो गुरदयाल और रामबेटी के शव अलग-अलग चारपाई पर पड़े थे। भजन ने अतरौली के प्रभारी निरीक्षक बृजेश मिश्रा को घटना की जानकारी दी।
भरावन। अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी अनिल यादव और फोरेंसिक टीम भी मौके पर छानबीन शुरू की। दंपती के शरीर पर एक भी चोट के निशान नहीं मिले हैं। हालांकि वृद्ध रामबेटी के दाहिने हाथ और बाएं पैर पर फफोलों के निशान मिले हैं। पुलिस को मौके से आलू की सब्जी और रोटियां मिली हैं। पुलिस ने बताया कि बरामद रोटी-सब्जी को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा।
इधर, एसपी अजय कुमार ने बताया कि प्राथमिक स्तर पर की गई छानबीन में यह लग रहा है कि खाने में कोई कीड़ा गिर गया होगा। इससे खाने में जहर फैल गया। इसके बाद दंपती ने खाना खाया। उन्होंने जहरीला खाना खाने के कारण मौत की आशंका जताई है। मृतक के भाई भजन ने बताया कि दंपती श्वास रोग से पीड़ित थे। दोनों का इलाज चल रहा था। एसपी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं होने पर विसरा सुरक्षित कर लिया गया है। परिजनों ने कोई आरोप नहीं लगाए हैं।