सीएसएन डिग्री कालेज परिसर में चल रहे हरदोई महोत्सव
में बीती रात मशहूर कव्वालों ने समां बांध दिया। कलाकार टीना परवीन ने अपने
कव्वाली से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर लिया। जिसको सुन कर पंडाल तालियों
की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। वहीं दर्शकों ने भी कव्वाली के मुकाबले को काफी
सराहा।
बीती रात मशहूर कव्वाल टीना परवीन के मंच पर पहुंचने के बाद
उन्होंने ऐसा समां बंधा कि लोग देर रात तक कुर्सियों पर जमे रहे। उन्होंने
कव्वाली की शुरुआत ईश्वर वंदना से करते हुए पंक्तियां पेश की ‘सबकी जुबां
पर तेरा ही नाम’ जिस पर दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से इस्तकबाल किया।
जिसके बाद उन्होंने अपनी दूसरी नज्म पेश करते हुए सुनाया ‘दर्द मीठा मीठा
सा, दिल में प्यार होता है’। उनकी इस कव्वाली को जमकर सराहा। अगली
प्रस्तुति में उन्होंने अपने एक सहयोगी के साथ कव्वाली का मुकाबला किया।
जिसमें उन्होंने ‘ओ दिवानी ओ मस्तानी’ कव्वाली पेश की। इस मुकाबले में काफी
स्पर्धा दोनों के बीच में देखने को मिली और बेहतर कव्वाली श्रोताओं ने
सुनी।
उधर, महोत्सव में मंगलवार को कलश प्रतियोगिता में तमाम
प्रतिभागियों ने भाग लेकर अपने कलश को रंग बिरंगे रंगों से बड़े ही आकर्षक
ढंग से सजाया। जिनको एक टक देखने के लिए दर्शक ही नहीं, बल्कि निर्णायक
मंडल के सदस्य भी शामिल रहे।
कलश प्रतियोगिता में निर्णायक जसवीर कौर गांधी
तथा इंदिरा अवस्थी ने कलशों का बड़ी ही बारीकी से परीक्षण किया, जिसके बाद
अपना निर्णय दिया। कलश प्रतियोगिता में जूनियर वर्ग से श्रद्धा पांडेय,
अनुष्का जैन, प्रिया कश्यप, सीनियर में प्रीति शुक्ला, शैलेंद्र प्रताप
सिंह, ज्योति कश्यप क्रमश: प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पर रहीं।
निर्णायकों द्वारा चयनित किए गए विजेताओं की घोषणा मंच से की गई। उधर,
महोत्सव में मंगलवार को अल्पना प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें
भी तमाम प्रतिभागियों ने हिस्सा लेकर अपनी भावनाओं को रंगोें के माध्यम से
उकेरा।
अल्पना का निरीक्षण कर रहे जजों ने भी प्रतिभागियों की प्रतिभा की
सराहना की और बेहतर को विजेता घोषित किया। प्रतियोगिता में कई स्कूलों के
छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लेकर प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
अल्पना
प्रतियोगिता में भी प्रतिभागियों ने रंगाें से ऐसी कलाकृतियां बनाई कि जज
जसवीर कौर गांधी तथा इंदिरा अवस्थी भी मंत्रमुग्ध नजर आईं। जूनियर से
प्रिया कश्यप, कौशिकी शुक्ला, अदिती, सीनियर में शैलेंद्र प्रताप सिंह,
अनुप्रिया गौतम, सोनम चौहान ने प्रथम, द्वितीय व तृतीय रहे।