पाली। पाली थाना क्षेत्र में किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाए जाने के मामले में शनिवार को नया मोड़ आ गया। दोनों पक्षों की रजामंदी से पाली थाने के पीछे एक मजार के पास दोनों का निकाह करा दिया गया। इसके बाद नाबालिग का निकाह पुलिस की मौजूदगी में कराए जाने की चर्चाएं चल निकलीं, लेकिन पुलिस ने पूरे मामले से किसी जानकारी से इनकार कर दिया।
पाली थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला के मुताबिक उसकी नाबालिग पुत्री को शनिवार दोपहर गांव का ही एक युवक बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। शिकायत पर शनिवार को पाली पुलिस ने मुखबिर की सूचना से दोनों को कन्नौज के एक गेस्ट हाउस से बरामद कर लिया और पाली ले आई। थाने में दोनों पक्षों के लोग बुलाए गए और इसके बाद दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से निकाह करा दिया।
इसके बाद सोशल मीडिया पर किशोरी की मां द्वारा दी गई तहरीर और बयान वायरल हो गए। इसके मुताबिक किशोरी 15 वर्ष की है और फिर नाबालिग का निकाह होने की बात सामने आई। देर शाम अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी कपिल देव सिंह ने बताया कि पूरे मामले में पुलिस की कोई भूमिका नहीं है। परिजनों ने स्वेच्छा से दोनों का निकाह कराया है।