फोटो-19- सांडी रोड विद्युत उपकेंद्र पर अंडरग्राउंड केबिल डालते बिजली कर्मी। संवाद
हरदोई। भीषण गर्मी और उमस के बीच शनिवार को सांडी सड़क विद्युत उपकेंद्र क्षेत्र के उपभोक्ताओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। उपकेंद्र से जुड़े इलाकों में अंडरग्राउंड केबल डालने के कार्य के चलते सुबह पांच से नौ बजे तक पूरे चार घंटे बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित रही। सुबह-सुबह बिजली गुल होने से करीब नौ हजार उपभोक्ताओं के घरों में पानी का संकट खड़ा हो गया और लोग गर्मी से बेहाल नजर आए।
शहर के विद्युत उपकेंद्रों पर लाइनों को सही करने का कार्य किया जा रहा है। इसी के तहत शहर के सांडी सड़क विद्युत उपकेंद्र परिसर में अंडरग्राउंड केबल डाली जा रही है। अंडरग्राउंड केबल डालने के कारण शनिवार को सुबह पांच से नौ बजे तक बिजली बंद रही। इससे उपभोक्ता परेशान हुए। बिजली कटने से लोगों की दिनचर्या पटरी से उतर गई। पानी की मोटर न चल पाने के कारण दैनिक कार्यों के लिए लोगों को भारी किल्लत झेलनी पड़ी। उपभोक्ताओं का कहना है कि सुबह के समय ही पानी और रसोई के सारे काम होते हैं। ऊपर से उमस भरी गर्मी ने जीना मुहाल कर दिया है।
केबल डालने का काम बेहद जरूरी था। दिन के समय ट्रैफिक और भीषण गर्मी के कारण काम करना संभव नहीं था इसलिए सुबह का समय चुना गया। सुबह नौ बजे काम पूरा होते ही आपूर्ति को सुचारू रूप से बहाल कर दिया गया। रविवार को भी सुबह कार्य कराने से आपूर्ति चार घंटे बाधित रहेगी। -प्रेम प्रकाश सिंह, अधिशासी अभियंता, वितरण खंड सदर