हरदोई। ब्लाक मुख्यालय पर लगातार चल रहे धरना प्रदर्शनों में मिल रही धमकी और प्रताड़ना से परेशान होकर भरावन ब्लाक में तैनात ग्राम सचिवों ने सामूहिक तबादले की मांग की है। इस संबंध में गोपनीय पत्र भी सीडीओ आकांक्षा राना को सामूहिक रूप से भेजा गया है। सचिवों ने मानसिक अस्वस्थता की बात भी पत्र में लिखी है।
भरावन विकास खंड में तैनात ग्राम सचिवों की ओर से सीडीओ को भेजे गए गोपनीय पत्र में कहा गया है कि पिछले छह माह से विभिन्न समूह लगातार भरावन ब्लाक में धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। ग्राम सचिवों का कहना है कि स्थानीय स्तर पर सामंजस्य के साथ कार्य कराए जाते हैं। लेकिन छह माह से चल रहे धरना प्रदर्शनों में सचिवों और अधिकारियों के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल किया जा रहा है।
उन्हें धमकी और मानसिक प्रताड़ना दी जाती है। सचिवों का कहना है कि ऐसे में सभी कार्य करना असंभव हो रहा है और मानसिक अस्वस्थता हो रही है। सचिवों ने दूसरे विकास खंड में सामूहिक स्थानांतरण की मांग की है। गोपनीय पत्र की प्रतिलिपि डीपीआरओ और डीडीओ को भी भेजी गई है। पत्र में 13 ग्राम सचिवों धीरेंद्र प्रताप सिंह, अरविंद कुमार, सुंदरलाल, रामकृष्ण कुमार, आशुतोष अवस्थी, मुकेश यादव, सुचेता यादव, राहुल सिंह, लक्ष्मी नारायण, आनंद प्रकाश गौतम, स्वाती सिंह, संतोष कुमार और राम कुमार के हस्ताक्षर हैं।