फोटो-22-सड़क पर जाम लगाए जाने के दौरान रोडवेज बस रुकवाते किसान। संवाद
- फोटो : HARDOI
बिलग्राम। पीसीएफ गोदाम पर लाइन लगाए खड़े किसानों को जब खाद नहीं मिली तो उन्होंने हरदोई-बिलग्राम मार्ग पर जाम लगा दिया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। तहसीलदार राजीव यादव किसानों को समझा बुझाकर शांत कराया। इसके बाद यातायात सामान्य हुआ। तहसीलदार ने खुद उपस्थिति रहकर हर किसान को दो बोरी खाद का वितरण शुरू कराया।
इन दिनों खेत में रबी, मटर, गोभी, आलू व सरसों की बुवाई चल रही है। डीएपी खाद की मांग बढ़ी है। किसानों की पहली पसंद पीसीएफ गोदाम पर मिलने वाली डीएपी खाद है। मांग के सापेक्ष डीएपी उपलब्ध नहीं हो पा रही है। हर रोज गोदाम पर किसानों की भीड़ जुट रही है, जिसमें से अधिकांश किसानों को शाम होने पर खाली हाथ वापस लौटना पड़ रहा है।
गुरुवार को भी सुबह से ही कस्बा स्थित पीसीएफ गोदाम पर खाद के लिए किसानों की लंबी कतार लग गई। इस दौरान भीड़ बढ़ने पर अव्यवस्था हो गई, जिसके चलते गोदाम प्रभारी ने वितरण रोक दिया। खाद का वितरण रोके जाने पर नाराज किसानों ने गोदाम के पास जाम लगा दिया। किसानों द्वारा रोड जाम किए जाने की सूचना मिलने पर तहसीलदार राजीव यादव व पुलिस मौके पर पहुंची। तहसीलदार ने किसानों को समझा बुझाकर शांत कराया और गोदाम पर व्यवस्थित ढंग से हर किसान को दो बोरी खाद का वितरण शुरू कराया।
गोदाम प्रभारी अवध बिहारी ने बताया कि गोदाम पर छह अक्तूबर को 500 बोरी व 16 अक्तूबर को 900 बोरी खाद आई थी। जितनी खाद उपलब्ध हुई उसका वितरण किया जा रहा है। बताया कि गुरुवार को स्टॉक में 325 खाद है, खाद वितरण के दौरान भीड़ बढ़ने पर परेशानी हुई थी। फिलहाल खाद का वितरण किया जा रहा है। बताया कि मुख्यालय पर डीएपी खाद की डिमांड भेजी गई है।