प्रांतीय रक्षक दल संघ के बैनर तले पदाधिकारियों व पीआरडी जवानों ने विकास भवन में सोमवार को धरना देकर पंचायत चुनाव के दौरान ड्यूटी का भुगतान दिलाने की मांग की है। इस मौके पर जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को दिया गया।
विकास भवन में धरने को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष राजेंद्र सिंह यादव ने कहा कि पीआरडी जवानों ने ग्राम पंचायत के चुनाव में अक्तूबर, नवंबर व दिसंबर में ड्यूटी की है। इसका पारिश्रमिक भत्ता युवा कल्याण विभाग के खाते में आ चुका है। जबकि कहा गया था कि भत्ता सीधे खातों में जाएगा।
अब चेक के माध्यम से भत्ता दिलाने की बात कही ज रही है। जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि जब जवान कार्यालय में चेक लेने गए तो उन सभी से सुविधा शुल्क मांगा गया। पीआरडी जवानों का कहना है कि भुगतान न होने की दशा में उनका परिवार भुखमरी की कगार पर है।
यदि जल्द उन सभी को भुगतान न कराया गया तो हमलोग अनिश्चितकालीन धरने को विवश होंगे। इसको लेकर पीआरडी जवानों ने जिलाधिकारी को संबोधित सिटी मजिस्ट्रेट जितेंद्र मोहन को ज्ञापन दिया। इस मौके पर महाराम सिंह यादव, रमा प्रसाद, राम प्रसाद, नरेश चंद्र राठौर, राजाराम राठौर, आत्मा राम, गंगा राम प्रजापति, रामू सिंह, सत्यपाल आदि मौजूद रहे।