हरदोई। चुनावी बयार के बीच त्यौहारों के मौसम में मनरेगा कार्मिकों को भी उपहार मिला है। सोमवार को लखनऊ में आयोजित मनरेगा सम्मेलन में संविदा कर्मियों का मानदेय बढ़ाने की घोषणा की गई है। ग्राम रोजगार सेवक से लेकर अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारियों के मानदेय में इजाफा किया गया है। इससे जिले के 982 मनरेगा कर्मियों को लाभ मिलेगा।
मनरेगा योजना शुरू होने के कुछ समय बाद ही संविदा पर कर्मचारियों की तैनाती की गई थी। इनमें अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी (एपीओ), तकीनीकी सहायक (टीए), कंप्यूटर ऑपरेटर और रोजगार सेवक शामिल हैं। जिले में 13 अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी, 83 तकनीकी सहायक, नौ कंप्यूटर ऑपरेटर और 877 रोजगार सेवक हैं। इस तरह कुल 982 मनरेगा कर्मचारी हैं।
मनेरगा कार्मिक लंबे समय से मानदेय में बढ़ोतरी की मांग कर रहे थे। सोमवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में हुए मनरेगा सम्मेलन में कर्मियों की बहुप्रतीक्षित मांग पूरी कर दी गई। रोजगार सेवकों के मानदेय में 3220 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। तकनीकी सहायकों के मानदेय में तीन हजार रुपये और कंप्यूटर ऑपरेटर के मानदेय में ढाई हजार रुपये की बढ़ोतरी हुई है। मनरेगा उपायुक्त प्रमोद सिंह चंद्रौल ने बताया कि जनपद में अभी शासनादेश नहीं आया है, लेकिन सोमवार को कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने घोषणा कर दी है। बढ़ा हुआ मानदेय अक्टूबर से ही दिया जाएगा।