फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मतदान केंद्रों पर पहुंचीं पोलिंग पार्टियां

विज्ञापन
विज्ञापन
हरदोई। विधानसभा चुनाव के चौथे चरण के लिए 23 फरवरी (आज) को होने वाले मतदान के लिए मंगलवार को जिले के आठों विधानसभा क्षेत्रों के लिए पोलिंग पार्टियां मतदान केंद्रों के लिए रवाना हो गईं।
विज्ञापन

ग्रामीण क्षेत्रों के 3060 मतदान केंद्रों एवं नगरीय क्षेत्र के 439 मतदान केंद्रों के लिए 3501 पोलिंग पार्टियां रवाना की गईं।
पोलिंग पार्टियों के लिए बनाए गए रवानगी स्थलों में सीएसएन कालेज परिसर से हरदोई सदर, शाहाबाद, सवायजपुर, सांडी, गोपामऊ क्षेत्रों की पोलिंग पार्टियों को रवाना किया गया, जबकि आईटीआई कॉलेज परिसर से बिलग्राम, संडीला, बालामऊ क्षेत्र के लिए पोलिंग पार्टियों की रवानगी की गईं।
पोलिंग पार्टियों के रवानगी के समय चुनाव आयोग के प्रेक्षकों ने दोनों परिसरों का जायजा लिया। प्रेक्षकों ने जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों को निर्देश दिए कि मतदान केंद्रों पर पहुंचने वाली पोलिंग पार्टियों की जानकारी निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध कराएं।
विज्ञापन

उन्होंने कहा कि पोलिंग पार्टी का कोई भी सदस्य किसी का आतिथ्य स्वीकार नहीं करेंगे और मतदान पूर्ण निष्पक्ष एवं जिम्मेदारी के साथ संपन्न कराएंगे। सिटी मजिस्ट्रेट डॉ. सदानंद ने बताया कि मतदान कर्मियों को रवाना स्थलों पर सुबह आठ बजे से उपस्थित होने के निर्देश दिए गए थे।
इसके क्रम में सुबह से कर्मचारियों एवं उन्हें ड्यूटी के लिए रवानगी स्थल तक छोड़ने के लिए साथ में आने वाले परिजनों का आना शुरू हो गया था। पोलिंग पार्टियों के साथ सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल एवं होमगार्ड भेजे गए हैं।
पोलिंग पार्टियों के पोलिंग स्टेशनों पर पहुंचने के बाद उसकी सूचना जिला प्रशासन को सभी सेंटरों से दी जाएगी।
पोलिंग स्टेशनों की सुरक्षा व्यवस्था के लिए अर्द्धसैनिक बल की 125 कंपनी, एक प्लाटून सिविल पुलिस, कई जिलों से आए 622 निरीक्षक व दरोगा, 6,470 आरक्षी, 5,226 होमगार्ड की ड्यूटी लगाई गई है। जिले में 18 जोन और 194 सेक्टर बनाए गए हैं।
जिले की सभी आठ विधानसभा क्षेत्रों में 2,114 मतदान केंद्र व 3,499 बूथ बनाए गए हैं, जिन पर अर्द्धसैनिक और पुलिस बल तैनात किया गया है।
फोर्स भेजने की दिनभर चली प्रक्रिया
बिलग्राम। पैरा मिलिट्री फोर्स ने सोमवार से ही चिह्नित केंद्रों पर पहुंचना शुरू कर दिया था। मंगलवार को भी मतदान केंद्रों व पोलिंग बूथ पर फोर्स भेजने की प्रक्रिया जारी है।
चौथे दौर के लिए नगर में पुलिस फोर्स का आना सोमवार शाम को ही शुरू हो गया था। कस्बा इंचार्ज जितेंद्र सिंह के मुताबिक, 10 चिह्नित स्कूलों में फोर्स के रोकने का प्रबंध किया गया था।
करीब 1400 से अधिक पुलिसकर्मी यहां आएंगे। एसएसआई अबरार हुसैन ने बताया कि सुरक्षित मतदान के लिए फोर्स भेजी जा रही है।
अव्यवस्था से भी मतदान कर्मी जूझते रहे
हरदोई। विधानसभा चुनाव के चौथे चरण में 23 फरवरी (आज) मतदान होने जा रहा है। इसके लिए मंगलवार को मतदेय स्थलों के लिए मतदान कर्मियों को रवाना किया गया।
मतदान कर्मियों एवं उनके साथ निर्धारित संख्या में पुलिस बल को रवाना करने के लिए शहर में दो रवानगी स्थल बनाए गए थे। दोनों जगह अव्यवस्थाओं से भी कर्मचारी जूझते दिखाई पड़े।
कहीं पानी के टैंकरों में पानी नहीं था, तो कहीं हेल्प डेस्क के तौर पर कोआर्डिनेट करने के लिए अफसर नहीं थे। कोरोना टाइम में इस अव्यवस्था से अफरातफरी जैसे माहौल का अहसास हुआ। जिससे सोशल डिस्टेंसिंग के नियम भी तार-तार होते रहे।
सीएसएन कॉलेज परिसर में ज्यादा दिक्कत
सीएसएन कॉलेज परिसर से पांच विस क्षेत्रों एवं आईटीआई कालेज परिसर से तीन विस क्षेत्रों के लिए पोलिंग पार्टियों को रवाना किया गया। इन परिसरों में उपलब्ध स्थान एवं संसाधन कोरोना टाइम के लिहाज से नाकाफी रहे।
दोनों स्थानों पर अनुमानित संख्या काफी ज्यादा थी, जिसमें मतदान कर्मियों के अलावा सुरक्षाकर्मी, वाहन चालक, हेल्पर को इन परिसरों तक छोड़ने आने वाले परिजनों की संख्या शामिल थे।
नगर पालिका परिषद की ओर से परिसरों में पेयजल व्यवस्था की ओर बेपरवाही बरती गई। तेज धूप के कारण लोगों को पानी के लिए लिए सबसे ज्यादा दिक्कतें हुईं। इसके अलावा पोलिंग पार्टियों के वाहन एवं स्थान को जानने के लिए दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
जिला प्रशासन द्वारा यदि दोनों परिसरों में चाय पानी एवं फास्ट फूड के स्टालों की व्यवस्था न कराई गई होती, तो काफी मुश्किल होती। इन स्टालों से पानी आदि खरीद कर लोगों ने राहत की सांस ली।
रोते रहे बच्चे, तो कहीं छलकते रहे आंसू
हरदोई। पोलिंग पार्टियों की रवानगी के लिए बनाए गए रवानगी स्थलों पर ड्यूटी कटवाने को लेकर महिलाएं और उनके परिजन परेशान दिखाई दिए। कहीं किसी के बच्चे रोते रहे, तो कहीं किसी के आंसू छलकते रहे।
इस बीच तमाम लोगों ने ड्यूटी न कटने की उम्मीद छोड़ते हुए अपनी पोलिंग पार्टी के साथ मतदान केंद्र की राह पकड़ ली। यह अलग बात है कि कुछ असरदार देर तक ड्यूटी कटवाने के लिए मौके पर डटे रहे।
जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने कहा कि ड्यूटी से अनुपस्थित रहने वाले कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाएगी।
मतदान कर्मियों के प्रमुख स्थल कॉलेज परिसर एवं आईटीआई कॉलेज परिसरों का डीएम अविनाश कुमार एवं एसपी राजेश द्विवेदी ने निरीक्षण करते हुए मतदान कर्मियों को निश्चिंत होकर ड्यूटी निभाने का आह्वान किया।
कहा कि किसी प्रकार की समस्या होने पर अपने सेक्टर मजिस्ट्रेट और जोनल मजिस्ट्रेट से संपर्क करें। कंट्रोल रूम नंबरों पर भी जानकारी दे सकते हैं।
पिहानी क्षेत्र में 220 बूथ, एक संवेदनशील
पिहानी। विस चुनाव को लेकर प्रशासनिक अफसरान देर शाम तक तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे रहे। इस बीच पोलिंग पार्टियों के बूथ तक पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया, जो देर शाम तक जारी रहा।
क्षेत्र में कुछ बूथों पर प्रकाश व्यवस्था ठीक नहीं होने व कर्मियों के रुकने के प्रबंध ठीक न होने की शिकायतें मिलीं। क्षेत्र में कुल 220 बूथों पर बुधवार को वोट डाले जाएंगे। इनमें 44 क्रिटिकल और एक बर्नेबुल है।
कोतवाल दिलेश सिंह के अनुसार, सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। प्राथमिक विद्यालय कला में पोलिंग पार्टी ने एक रूम में प्रकाश की उचित व्यवस्था न होने की शिकायत की।
जूनियर हाईस्कूल में मतदान व सुरक्षा कर्मियों के रुकने की उचित व्यवस्था न होने की बात बताई गई। मिश्राना के एक बूथ पर प्रकाश के लिए बल्ब न होने की शिकायत सामने आई है। इस बाबत ईओ अहिबरन लाल ने बताया कि व्यवस्थाएं देर रात तक दुरुस्त कराई जा रही हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें