हरदोई। लोकतंत्र के महाकुंभ से पहले मंगलवार को आधे शहर की सड़कों व चौराहों पर मेले जैसा नजारा देखने को मिला। लखनऊ चुंगी पर यातायात करीब चार घंटे जाम रहा।
हालात इस कदर बिगड़े की यातायात पुलिस के अलावा सीओ सिटी व शहर कोतवाल को भी जाम खुलवाने के लिए मोर्चा संभालना पड़ा। यह हालात आईटीआई व सीएसएन कैंपस से पोलिंग पार्टियों की रवानगी के दौरान बड़े वाहनों के आने-जाने से पैदा हुए।
मंगलवार को लखनऊ चुंगी स्थित आईटीआई और सीएसएन कालेज परिसरों से पोलिंग पार्टियों की रवानगी की गई। इस दौरान रोडवेज बसों का आना-जाना लगा रहा।
ज्यादा वाहनों के निकलने से लखनऊ चुंगी से होकर जाने वाली चारों सड़कें जाम रहीं। दोनों दिशाओं में निकली सरकुलर रोड के अलावा शहर की तरफ आ रही लखनऊ रोड में भीषण जाम लग गया।
हालात बिगड़ते देख सीओ सिटी और शहर कोतवाल ने पुलिस के साथ जाम खुलवाने में मोर्चा संभाल लिया। इसके बावजूद करीब चार घंटे बाद जाम पर नियंत्रण पाया जा सका। इस दौरान भारी जाम में यात्री हलाकान होते रहे।