52 वें दिन सुबह 08 से 2 बजे तक लॉकडाउन में छूट के दौरान जब बंद दुकानों के शटर का लॉक खुला तो बाजार गुलजार हो गया। कपड़े से लेकर सराफा की दुकानों में जमकर खरीदारी हुई।
इलेक्ट्रानिक दुकानों से लेकर जनरल स्टोर पर भी ग्राहक पहुंचे। कपड़ों की दुकानों पर लोगों की खासी भीड़ रही। इसके चलते कहीं नियमों का पालन हुआ तो कहीं भीड़ के चलते नियम तार-तार हो गए।
बच्चों के कपड़े खरीदने को लेकर महिलाएं दुकान के बाहर धूप में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करतीं आईं।
न चाहते हुए भी छोटी दुकानों में सोशल डिस्टेंसिंग काम नहीं कर पाई और नियमों पर भीड़ व उनकी जरूरतें हावीं रहीं। यह बात और है जागरूक लोग भीड़ से बचते बचाते खरीददारी करते नजर आए।
इंसेट
फोटो-3-सिनेमा रोड स्थित ज्वैलर्स की दुकान पर मौजूद ग्राहक। संवाद
पहले ही दिन सराफा की दुकानों पर जमकर खरीद
हरदोई। शुक्रवार को शहर की बाजारें खुली तो उनमें सराफा के प्रतिष्ठान भी शामिल रहे। खास बात यह है इन सराफा दुकानों में भी खासे ग्राहक दिखे। चांदी से लेकर सोने तक के आभूषणों की खूब बिक्री हुई।
शादी विवाह भले ही कम हो पा रहे हो और उसमें दस से बीस लोग ही शामिल हो पा रहे हो लेकिन परंपराओं के अनुसार साड़ी व कपड़ों की खरीद उतनी ही लोगों को करनी पड़ रही है जिसके चलते जब शुक्रवार को लोगों को मौका मिला तो शादी विवाह से संबंधित साडिय़ों व कपड़ों की खूब खरीददारी की गई।
लॉक डाउन में लोग घरों में हैं। लॉक डाउन फोर भी दो दिन बाद शुरु होने जा रहा है। ऐसे में बिना टीवी वाले लोगों को जैसे ही शुक्रवार को मौका मिला वैसे ही टीवी आदि की बिक्री जोरों पर हुई। यही नहीं इलेक्ट्रानिक दुकानों पर टीवी के अलावा वाशिंग मशीन से लेकर एसी तक खूब बिके।
जनरल स्टोर की दुकान पर सोशल डिस्टेंसिंग देखने को मिली। सिनेमा रोड स्थित जनरल स्टोर की दुकान के बाहर न सिर्फ गोले बने देखे गए बल्कि लोग डिस्टेंस पर खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करते देखे गए।
शहर की सदर बाजार सहित रेलवे गंज की बाजारों में भी बर्तन की दुकानें खुली नजर आईं। जिन पर सुबह से ही लोगों की भीड़ देखने को मिली। यहां भी दुकानदारों का कहना है कि शादी बरात से संबंधित लोगों द्वारा बर्तनों की ज्यादा खरीद की गई।
शुक्रवार को जब शहर की सभी दुकानें खुलीं तो फुटपाथ पर भी कपड़े बेंचने वाले दुकानदार अपनी दुकान लगाए नजर आए। कुल मिलाकर उनकी दुकानों पर भी भीड़ देखने को मिली और जमकर खरीददारी हुई।
ईओ सदर रविशंकर शुक्ला का कहना है कि बाजार आवश्यक हो तो निकलें वरना घर पर ही रहें और सुरक्षित रहें। बाहर निकले तो भीड़ से बचें। जिन दुकानों पर ज्यादा ग्राहक दिखें उन पर कतई न जाएं। घर से बाहर जाते ही सोशल डिस्टेंसिंग का पूरा पालन करें।