हरदोई। जिला सहकारी फेडरेशन लिमिटेड (डीसीडीएफ) की संपत्ति पर कब्जे के खिलाफ डीसीडीएफ के सचिव ने नर्सिंगहोम के प्रबंधक समेत तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर शहर कोतवाली में दी है।
जिला सहकारी फेडरेशन के सचिव अपर जिला सहकारी अधिकारी राम समुझ वर्मा ने शहर कोतवाली में दी तहरीर में डीसीडीएफ की संपत्ति पर कब्जा करने का आरोप कैनाल रोड स्थित एक नर्सिंगहोम के प्रबंधक और खगेश्वरपुरवा निवासी दो सगे भाईयों पर लगाया है।
सचिव के मुताबिक अवैध कब्जा छोड़ने को लेकर पूरी प्रक्रिया अपनाई गई। कब्जेदारों को नोटिस भी जारी किया गया, इसके बाद भी जगह खाली नहीं की गई।
सचिव का दावा है कि कब्जेदारों को न्यायालय और उच्च न्यायालय से भी कोई राहत नहीं मिली है। ऐसे में पूरे मामले में तीनों कब्जेदारों पर एफआईआर दर्ज कराने की मांग की गई है। शहर कोतवाल दीपक शुक्ला ने बताया कि
डीसीडीएफ के जिला सचिव ने तहरीर दी है, लेकिन इस तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज नहीं की जा सकती। उन्होंने बताया कि राजस्व संबंधी मामले में राजस्व के सक्षम अधिकारी की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। इसकी जानकारी डीसीडीएफ के सचिव को भी दे दी गई है।