हरदोई। शाहाबाद नगर के एक प्राइवेट अस्पताल में प्रसव के लिए भर्ती कराई गई महिला की मौत हो गई। पति ने चिकित्सकों पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी।
थाना मझिला के ग्राम सराय रानक इंद्रपाल ने तहरीर में बताया कि पत्नी राजमुखी (37) गर्भवती थी। तबीयत बिगड़ने पर रविवार को उसने पत्नी नगर के मोहल्ला दिलेरगंज स्थित प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया था। महिला चिकित्सक ने हालत गंभीर बताते हुए प्रसव कराने की बात कही और केवल पत्नी को बचा पाने का भरोसा दिलाया। बताया कि इसके काफी देर बाद कर्मियों ने बताया कि प्रसव से पहले ही उसकी पत्नी की मौत हो गई है। तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने अस्पताल पहुंच कर जांच की। अस्पताल के चिकित्सकों का कहना है कि महिला की हालत गंभीर थी। पति को उच्च सेंटर ले जाने की सलाह दी गई थी। वह वाहन का प्रबंध करने की बात कह कर निकला था, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं आया। इस दौरान उसकी पत्नी की मौत हो गई। कोतवाल सुरेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।