हरदोई। जिले में बुखार का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। रविवार देर शाम जिला अस्पताल में बुखार पीड़ित मासूम ने दम तोड़ दिया। बुखार की चपेट में आए पांच नए मरीजों को उपचार चल रहा है।
हरियावां ब्लाक के ग्राम कपूरपुर निवासी निजामुद्दीन खेती करता है। उसके तीन वर्षीय बेटे सुभान को कई दिनों से बुखार आ रहा था। वह गांव में ही बेटे का उपचार करा रहा था। रविवार की सुबह उसकी तबीयत बिगड़ गई। परिजनों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां पर चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर बताते हुए इलाज शुरू किया। देर शाम उसकी मौत हो गई। परिजन शव लेकर घर चले गए। इसके अलावा सोमवार को जिला अस्पताल के आकस्मिक कक्ष में पांच नए बुखार रोगी भर्ती हुए हैं। कछौना के कटियामऊ निवासी भारती (11) , मझिला के पारा निवासी दिलीप (19), शाहाबाद के नगला लोथू निवासी रामसेवक (45), शहर रद्धेपुरवा निवासी कोमल (13), टड़ियावां के दलौली निवासी रामश्री (45),बेहटागोकुल के फत्तेपुर निवासी सरस्वती का उपचार चल रहा है। सीएमएस डॉ. जेएन तिवारी ने बताया कि बुखार के मरीजों का सुचारु रूप से इलाज किया जा रहा है।