हरदोई। लगभग 47 दिन के लंबे अंतर के बाद जनपद में कोरोना का एक मामला सामने आया है। हालांकि स्वास्थ्य विभाग के जिम्मेदारों का कहना है कि आगरा में संक्रमित मिला है, लेकिन उसका आधार कार्ड हरदोई के बिलग्राम का होने के कारण केस हरदोई जनपद के पोर्टल पर दिख रहा है।
जनपद में बीती दो अगस्त को आखिरी बार कोरोना संक्रमित मिला था। तब से कोरोना संक्रमण की जांच लगातार की जा रही है, लेकिन कोई संक्रमित नहीं मिला। हर रोज मुख्य चिकित्साधिकारी की ओर से जारी की जाने वाली संक्रमण की सूचना में रविवार को एक कोरोना संक्रमित मिलने की जानकारी दी गई। जब संक्रमित के बारे में जानकारी जुटाई गई, तो पता चला कि उक्त युवक 32 वर्ष का है और आगरा में रहता है। आगरा के ही एक अस्पताल में उसने संक्रमण की जांच कराई और 15 सितंबर को इसकी रिपोर्ट भी आ गई थी। संक्रमण की जांच के दौरान जो आधार कार्ड लिया गया था उसमें पता हरदोई जनपद के बिलग्राम का है। इसके चलते रविवार को उक्त केस हरदोई के पोर्टल पर नजर आने लगा। खास बात यह है कि संक्रमित के बारे में जानकारी की कोशिश भी विभागीय अधिकारियों ने की, लेकिन संक्रमित का मोबाइल फोन स्विच ऑफ है।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. प्रशांत रंजन का कहना है कि उक्त व्यक्ति आगरा में संक्रमित पाया गया है। आधार कार्ड हरदोई का होने के कारण केस यहां पोर्टल पर दिख रहा है। युवक आगरा में ही होम आइसोलेशन में है।