हरदोई जिले के अतरौली थाना क्षेत्र में अतरौली-कोथावां मार्ग पर साइकिल बाइक की चपेट में आ गई। बाइक चला रहे मजदूर के सिर में गंभीर चोटें आने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ बैठा एक व्यक्ति घायल हो गया।
साइकिल सवार वृद्ध को भी गंभीर चोटें आई हैं। बाइक पर सवार तीसरा व्यक्ति घटना के बाद से लापता है। लखनऊ जनपद के माल थाना क्षेत्र के अंतर्गत महिमाखेड़ा निवासी मेवालाल (35) मजदूरी करता था। रविवार को वह गांव निवासी मिथलेश (41) और अतरौली थाना क्षेत्र के ग्राम किरला निवासी नोखेलाल (38) के साथ बाइक से हत्याहरण तीर्थ में स्नान करने गया था।
दोपहर बाद वहां से वापस आ रहा था। इसी दौरान उसकी बाइक अतरौली-कोथावां मार्ग पर ग्राम चत्तुरखेड़ा के पास अतरौली की ओर से साइकिल पर आ रहे माल थाना क्षेत्र के ग्राम बबड़ियारू निवासी छविनाथ (60) से टकरा गई। बाइक चला रहा मेवालाल उछलकर सड़क पर सिर के बल जा गिरा।
हेलमेट न लगाए होने की वजह से सिर में गंभीर चोट आई और मौके पर ही उसने दम तोड़ दिया। घटना में नोखेलाल और छविनाथ भी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया और फिर लखनऊ रेफर कर दिया गया। घटना के बाद से मिथलेश लापता है। मृतक के परिवार में पत्नी गुड़ाना, एक पुत्र और चार पुत्रियां हैं।