फोटो-29- घंटाघर रोड पर छाए बादलों के बीच आते जाते लोग
- फोटो : HARDOI
हरदोई। मानसून के जल्द दस्तक देने के अनुमान गलत साबित हुए हैं। मौसम के जानकार बताते हैं कि पिछले साल सुस्त रहा मानसून इस बार ज्यादा सुस्त पड़ गया है।
इसके चलते जून में अभी तक चार वर्षों की सबसे कम बारिश हुई है। कुल मिलाकर मानें तो जून सूखा रहा है। बादलों के आने, छाने एवं लौट जाने का क्रम दो दिन से चल रहा है।
इससे बारिश को लेकर किसानों में चिंता है। यदि जल्द ही झमाझम बारिश न हुई तो खेती के लिए भी पानी की बड़ी समस्या हो जाएगी। खास तौर से धान की फसल को लेकर पौध तैयार करने से लेकर रोपाई का कार्य पिछड़ सकता है।
मौसम वेधशाला के पर्यवेक्षक रमेश चंद्र ने बताया कि चार साल बाद ऐसा हुआ है, जब जून माह में 20 मिलीमीटर से कम बारिश हुई है। बताया कि दो साल पहले जून 2020 में 150 मिलीमीटर बारिश के साथ मानसून ने जोरदार दस्तक दी थी।
2021 में मानसून सुस्त पड़ा, लेकिन जून माह में तीन बार बारिश हुई। इस बार जून माह में रिकार्ड करने योग्य दो बार बारिश हुई है। इससे मौसम में तपन एवं उमस गत वर्षों की तुलना में ज्यादा है। बताया कि मानसून को लेकर लगाए गए अनुमान सही साबित नहीं हुए हैं।
जून माह में हुई बारिश
वर्ष बारिश मिमी में
2022 17.4
2021 51.4
2020 150
2019 57.2