हरदोई। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षाओं को नकलविहीन कराने के लिए बुधवार को बैठक हुई। शहर के रसखान प्रेक्षागृह में डीएम अविनाश कुमार व एसपी राजेश द्विवेदी ने सुपर जोनल मजिस्ट्रेट, जोनल मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, सचल दल, जिला विद्यालय निरीक्षक और केंद्र व्यवस्थापकों के साथ परीक्षा की तैयारियों पर विमर्श किया। प्रश्न पत्रों की सुरक्षा के लिए उन्हें डबललॉक में रखने का फैसला लिया गया। जहां प्रश्नपत्र रखे जाएंगे। वहां निगरानी सीसीटीवी से होगी।
जिले में 135 परीक्षा केंद्रों पर हाईस्कूल के 49 हजार 844 और इंटरमीडिएट के 40 हजार 318 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। परीक्षाओं को सकुशल कराने के लिए चुनाव से निवृत्त होते ही प्रशासनिक अधिकारियों ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
बुधवार को बैठक में बताया गया कि कंट्रोल रूम व निगरानी कक्ष स्थापित किया गया है। संयुक्त शिक्षा निदेशक सुरेंद्र कुमार तिवारी ने सभी 135 केन्द्र व्यवस्थापकों को बताया कि परीक्षा केन्द्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गयी है।
स्टेटिक मजिस्ट्रेट परीक्षा केंद्र पर बने स्ट्रांग रूम में डबललॉक में सुरक्षित किए गए प्रश्नपत्रों को प्रत्येक पाली की परीक्षा से पूर्व अपनी उपस्थिति में खुलवाएंगे।
स्टेटिक मजिस्ट्रेट प्रत्येक पाली की परीक्षा पूरी होने के बाद अपनी उपस्थित में उत्तर पुस्तिकाओं को सील कराएंगे। इसके साथ ही परीक्षा प्रारंभ होने के एक घंटे के अंदर छात्र / छात्राओं एवं कक्ष निरीक्षकों की उपस्थिति पोर्टल पर अंकित करना अनिवार्य होगा।
100 मीटर परिधि में बंद रहेंगी फोटोकॉपी दुकानें
एसपी राजेश द्विवेदी ने बताया कि परीक्षा केंद्रों से 100 मीटर की परिधि में धारा -144 लागू रहेगी। परीक्षा केंद्रों के निकट फोटो कॉपी की दुकान परीक्षा अवधि में बंद रहेगी। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर सेक्टर मजिस्ट्रेट इसका अनुपालन सुनिश्चित कराएंगे। प्रश्नपत्रों की सुरक्षा हेतु प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर सशस्त्र पुलिस बल रहेगा। परीक्षा केंद्र पर किसी भी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न होने पर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।
स्कूल का प्रबंध तंत्र भी रहेगा दूर
डीएम अविनाश कुमार ने सभी जोनल मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापकों निर्देशित किया कि कक्ष निरीक्षक एवं कर्मचारियों के अतिरिक्त किसी भी बाहरी व्यक्ति का प्रवेश परीक्षा केंद्र में पूर्णरूप से प्रतिबंधित रखें। प्रबंधतंत्र का कोई भी व्यक्ति परीक्षा अवधि में परीक्षा केंद्र से 200 मीटर की परिधि में प्रवेश नहीं करेगा। परीक्षा केंद्र के अंदर मोबाइल फोन या किसी भी प्रकार की इलेक्ट्रानिक डिवाइस, जिससे नकल की संभावना हो, ले जाना प्रतिबंधित रहेगा।
फोटो-09- बैठक में मौजूद अधिकारी- फोटो : HARDOI