हरदोई। जुलाई के आखिरी और अगस्त के पहले सप्ताह में जनपद के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुईं आपराधिक वारदातों में से कुछ के खुलासे के बाद अब पुलिस ने ऑपरेशन चक्रव्यूह शुरू किया है। दरअसल इन खुलासों से पता चला है कि गैर जनपद के अपराधी यहां आकर घटनाओं को अंजाम देने के बाद वापस अपने जनपदों में चले जाते हैं।
ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत जिले की सीमाओं पर 49 ऐसे स्थान चिह्नित किए गए हैं, जहां अगर पुलिस सतर्कता बरते तो गैर जिलों से आने वाले अपराधी पकड़े जा सकते हैं।
पुलिस टीमों को यह इनपुट मिला था कि स्थानीय अपराधी घटनाओं को अंजाम नहीं दे रहे हैं, लेकिन आस पास के जनपदों के रहने वाले अपराधी यहां आकर घटना कर रहे हैं। बीती सात अगस्त को आईजी लक्ष्मी सिंह ने भी जनपद की सीमाओं पर मुस्तैदी बढ़ाने के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक अजय कुमार ने नई पहल करते हुए ऑपरेशन चक्रव्यूह शुरू किया है। चिह्नित किए गए सभी 49 स्थान जिले की सीमा से लगे आठ जनपदों को आने जाने वाले मार्गों पर पड़ते हैं। इन स्थानों पर पुलिस की मुस्तैदी बढ़ाए जाने के साथ ही लोकल स्तर पर भी संपर्क सूत्र मजबूत किए जाएंगे।
एसपी अजय कुमार ने बताया कि ऑपरेशन चक्रव्यूह के जरिए अपराध रोकने की कवायद की जा रही है। घटना होने पर उसका खुलासा तो जल्द से जल्द किया जाता है, लेकिन प्रयास है कि घटना होने ही न दी जाए। कम से कम सुनियोजित अपराध तो नहीं होने दिया जाएगा।