हरदोई। मुख्य विकास अधिकारी आकांक्षा राना ने शुक्रवार को पिहानी विकास खंड कार्यालय का वार्षिक निरीक्षण किया। अलग-अलग कारणों के चलते तीन तकनीकी सहायकों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए। पंचायतों के एस्टीमेट बनने के बाद भी कार्य शुरू न कराने पर पांच सचिवों को भी नोटिस जारी हुए हैं। ग्रामीण आजीविका मिशन के भी चार कर्मचारियों का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश सीडीओ ने दिए हैं।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक पिहानी ब्लॉक मुख्यालय पहुंचीं सीडीओ ने पूरे परिसर का निरीक्षण किया। एक कक्ष में रखी निष्प्रयोज्य सामग्री के निस्तारण के निर्देश देते हुए कर्मचारियों के बैठने के लिए केबिन बनवाने के निर्देश दिए। यह कार्य 30 नवंबर तक पूरा कराने के निर्देश बीडीओ ऋषिपाल सिंह को दिए। मनरेगा से जुड़े कार्याें की समीक्षा में 57 कार्यों की आईडी जनरेट होने के सापेक्ष 25 कार्यों के एस्टीमेट न बने होने पर नाराजगी जताते हुए तकनीकी सहायक सिद्धेश्वर द्विवेदी अनिल सिंह और संतोष कुमार को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
97 गांवों के एस्टीमेट बनने के बाद भी कार्य प्रारंभ न कराने के कारण ग्राम सचिव अजय प्रताप, मनोहर लाल, शबनम पटेल, मशूद जफर और अमित कुमार को भी नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के कार्यों की प्रगति ब्लॉक में तैनात ब्लॉक मिशन प्रबंधक अमित कुमार बता ही नहीं पाए। इस पर सीडीओ ने अमित कुमार, सुशील यादव, उपेंद्र सिंह और राम सिंह का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए।
सीडीओ ने पंचायत राज विभाग के मिशन कायाकल्प के अंतर्गत पंचायत और आंगनबाड़ी भवनों के जीर्णोद्धार की भी समीक्षा की। 99 विद्यालयों और 25 आंगनबाड़ी केंद्रों पर कार्य जारी होने का पता चलने पर उन्होंने संतोष जताया। निरीक्षण के दौरान पिहानी के बीडीओ ऋषिपाल सिंह, ब्लाक प्रमुख कुशी वाजपेयी आदि मौजूद रहे।