हरदोई। कुरसठ कस्बा स्थित राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय पर मंगलवार को ताला लटका रहा। दोपहर 12:30 बजे तक चिकित्सक व कर्मचारी के न पहुंचने पर चिकित्सालय में इलाज कराने आए मरीजों को बैरंग लौटना पड़ा। लोगों का आरोप है कि होम्योपैथिक चिकित्सालय अक्सर बंद रहता है। इससे दूर-दूर से आने वाले मरीजों को लौटना पड़ता है।
मंगलवार को दोपहर राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय के बाहर खड़े गांव अटवा अली मर्दानपुर निवासी विनीत व रजनी, मतुआ गांव निवासी राजू व नन्हें, कुरसठ कस्बा निवासी अवधेश कुमार, सौंहर गांव निवासी सुनीता ने बताया कि वह लोग 10 से 11 बजे के बीच यहां आ गए थे। इंतजार करते-करते 12:30 बज चुका है, लेकिन चिकित्सक व कोई भी कर्मचारी अभी तक अस्पताल नहीं आया है। इससे पहले भी वह लोग कई बार आए, लेकिन अक्सर यहां ताला लटका मिलता है।
उधर, इस बाबत एसडीएम एपी श्रीवास्तव ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। चिकित्सालय किन परिस्थितियों में बंद है, इसकी जांच कराई जाएगी। अगर किसी कर्मचारी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।