बिलग्राम (हरदोई)। नैमिषारण्य से दर्शन कर ग्वालियर लौट रही श्रद्धालुआें की टूरिस्ट बस में बिलग्राम-हरदोई मार्ग पर आग लगने से तीन महिलाओं समेत चार लोग झुलस गए। दो महिलाओं को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बिलग्राम-हरदोई मार्ग पर ललौली तिराहे के पास रविवार को रात करीब सवा 10 बजे श्रद्धालुओं से भरी बस में आग लग गई, जिससे बस धू-धू कर जलने लगी।
मौके पर मौजूद लोगों ने थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड को आग लगने की सूचना देने के बाद बचाव कार्य में जुट गए। इस दौरान ग्रामीणों ने आग में फंसे लोगों को निकालना शुरू किया।
थोड़ी देर बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड कर्मी मौके पर पहुंचे और बस के शीशे तोड़कर यात्रियों को सुरक्षित निकाला। इस दौरान तीन महिलाएं मीना, रेखा और सुशीला देवी समेत राकेश झुलस गया।
पुलिस ने झुलसे यात्रियों को सीएचसी पहुंचाया, जहां से रेखा और सुशीला देवी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
बस सवार ग्वालियर के लाखन सिंह ने बताया कि दो दिन पूर्व सभी श्रद्धालु नैमिषारण्य दर्शनों के लिए आए थे और रविवार को रात लौट रहे थे, तभी बस में अचानक आग लग गई। इस बाबत कोतवाली प्रभारी राजवीर सिंह ने बताया कि बस में करीब 90 यात्री सवार थे, जिनमें चार आग से झुलसे हैं।