हरदोई। सपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं सांसद राज्यसभा नरेश अग्रवाल ने अपने आवास पर कार्यकर्ताओं एवं आम लोगों से मुलाकात की। इस दौरान वे केंद्र सरकार एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आक्रामक दिखे और कहा कि प्रधानमंत्री को देश की चिंता करने से ज्यादा विदेशों का दौरा करना ज्यादा पसंद है, इसलिए वे प्रधानमंत्री से ज्यादा विदेश मंत्री की भूमिका में नजर आते हैं।
कहा कि सरकार बनाने के बाद प्रधानमंत्री के विदेशों के दौरे पर जितना खर्च हुआ, यदि उतनी राशि प्रदेश को दे देते तो शिक्षा एवं स्वास्थ्य क्षेत्र में काफी काम हो जाता। कहा कि विकास कार्योें के लिए उत्तर प्रदेश को केंद्र से कोई उल्लेखनीय सहयोग नहीं मिल रहा। इसके बाद भी प्रदेश की सपा सरकार विकास कार्यों के लिए हर स्तर पर प्रयास कर रही है। कहा कि जब सपा मुखिया के नेतृत्व में केंद्र सरकार बनेगी तभी देश का भला होगा। किसी का नाम लिए बिना सांसद ने कहा कि आपत्तिजनक बयान देकर पद की गरिमा तार तार करने वाले वाले भाजपा के मंत्रियों पर कार्रवाई की बजाय उन्हें बचाने का प्रयास कर प्रधानमंत्री कर रहे।
इससे साबित होता है कि क हने और उसे पूरा करने में बहुत फर्क है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से हर स्तर पर सजग रहकर सपा को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया। इससे पहले आम लोगों की शिकायतें सुन निस्तारण के लिए संबंधित अफसरों को निर्देश दिए। इस मौके पर फखरूल इस्लाम, रामप्रकाश शुक्ला, पीके वर्मा, जेपी अवस्थी, संजय मिश्रा, शिशुपाल सिंह, अमित बाजपेयी, विजय सिंह आशा, प्रकाश गुप्ता आदि मौजूद थे।