कोर्ट में मामला विचाराधीन होने के बावजूद लेखपाल
द्वारा मनमानी करते हुए जमीन पर कब्जा दिलाने का आरोप लगाते हुए ग्राम
सेखौरा के ग्रामीणों का कलक्ट्रेट परिसर में चल रहा धरना प्रदर्शन तीसरे
दिन शनिवार को भी जारी रहा।
किसानों ने कहा कि जब तक उनको न्याय नहीं
मिल जाता, तब तक उनका धरना प्रदर्शन जारी रहेगा। धरने पर बैठे गोपामऊ के
ग्राम सेखौरा परगना के कुलदीप और गुरजंट ने बताया कि उनका जमीनी पुराना
विवाद चला आ रहा है। जिसको लेकर मामला एसडीएम की कोर्ट में चल रहा है।
दोनों ने आरोप लगाया कि लेखपाल द्वारा दूसरे पक्ष से सांठगांठ के चलते
समाधान दिवस पर फर्जी तरीके से दूसरे के पक्ष में भूमि का कब्जा दिखा दिया
और नाप जोख भी करवा दी। इस कार्य के लिए लेखपाल ने बड़े स्तर पर सुविधा
शुल्क की राशि ली है। आरोप लगाया कि कोर्ट के आदेशों की भी लेखपाल द्वारा
अवहेलना की गई है, जो न्याय संगत नहीं है।
लेखपाल द्वारा अवैधानिक ढंग से
नाप कर कब्जा कराने का कुचक्र रचा गया है। इससे वह और उसका परिवार काफी आहत
है। बताया कि तीसरे दिन भी उनका धरना प्रदर्शन जारी है और जब तक उनको
न्याय नहीं मिल जाता, तब तक उनका धरना प्रदर्शन जारी रहेगा।